scriptदेवीलाल जन्म दिवस रैली में ओपी चौटाला ने पार्टी में गुटबाजी करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने की चेतावनी दी | indian national lok dal's gohana rally's update news | Patrika News

देवीलाल जन्म दिवस रैली में ओपी चौटाला ने पार्टी में गुटबाजी करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने की चेतावनी दी

locationसोनीपतPublished: Oct 07, 2018 09:11:56 pm

Submitted by:

Prateek

ओपी चौटाला ने रैली को संबोधन में कहा कि जल्दी ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कुछ नए कार्यक्रम तय किए जाएंगे…

op chautala file photo

op chautala file photo

(चंडीगढ/सोनीपत): हरियाणा के मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल के संस्थापक और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के 105वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में रविवार को सोनीपत जिले के गोहाना में आयोजित सम्मान दिवस रैली में कुछ युवाओं ने सुनियोजित ढंग से शोर मचाया। इस पर पार्टी के प्रमुख ओपी चौटाला ने फटकार लगाई और कहा कि गुटबाजी करने वाले अपना रवैया चुनाव के पहले तक बदल लें वरना बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

 

चौटाला ने नए कार्यक्रमों की ओर किया इशारा

हरियाणा में यह चर्चा आम है कि इनेलो में गुटबाजी है। ओपी चौटाला जेबीटी टीचर्स भर्ती मामले में दस साल की सजा के तहत जेल में हैं। इन दिनों पेरोल पर आने के कारण वे रैली को संबोधित करने पहुंचे। ओपी चौटाला ने रैली को संबोधन में कहा कि जल्दी ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कुछ नए कार्यक्रम तय किए जाएंगे। हालांकि उन्होंने इन कार्यक्रमों के बारे में कोई संकेत नहीं दिया।

 


गरीबों के हितों के काम करेगा चौधरी देवीलाल ट्रस्ट

चौटाला ने यह भी कहा कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन जब सत्ता में आएगा तब गरीब और पिछडों के हित में काम किए ही जायेंगे। लेकिन इससे पहले भी चौधरी देवीलाल ट्रस्ट के जरिए कुछ गरीब हित के कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट मुफ्त शिक्षा के लिए काॅलेज और मुफ्त इलाज के लिए अस्पताल खोलेगा। अस्पताल और काॅलेज के स्थान तय किए जायेंगे।

 

भावुक दिखाई दिए चौटाला

अपने संबोधन में ओपी चौटाला भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि 3200 शिक्षित युवाओं को नौकरी देने के कारण उन्हें जेल भेजा गया है। लेकिन वे सभी शिक्षित युवाओ को जाति या धर्म के भेद से मुक्त होकर नौकरी देंगे फिर भले ही उन्हें फांसी दी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उन्हें साजिश के तहत जेल भेजा है। कांग्रेस सोचती थी कि उनके जेल जाने से इनेलो समाप्त हो जाएगा लेकिन कार्यकर्ताओ ने पार्टी को मजबूत बनाया। वे तो पार्टी को और मजबूत देखना चाहते है। चौधरी देवीलाल गैर भाजपा और गैर कांग्रेस की तीसरे मोर्चे की राजनीति करते रहे थे। इसलिए उनके जन्मदिन पर आयोजित की जाने वाली सम्मान दिवस रैली में तीसरे मोर्चे की जरूरत बताई जाती है। गोहाना रैली में भी तीसरे मोर्चे की बात की गई।


मायावती को बनाया जाएगा पीएम-इनेलो

कांग्रेस के प्रभाव क्षेत्र वाले इस जाटलैंड में आयोजित रैली में ओपी चौटाला ने कहा कि विपक्ष को एकजुट कर बसपा नेता मायावती को प्रधानमंत्री बनाया जाएगा। रैली में पहुंचे गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह बाघेला को उन्होंने गुजरात का मुख्यमंत्री बनाने की बात कही। रैली में मायावती को भी आंमत्रित किया गया था लेकिन वे नहीं पहुंची। रैली में उनका संदेश पढा गया। शंकर सिंह वाघेला ने कहा कि देश की मौजूदा सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। रक्षा सौदों में घाटाले किए गए हैं।

 

ओपी चौटाला को सीएम बनाने की बात दोहराई

नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन सत्ता में आएगा और ओपी चौटाला मुख्यमंत्री होंगे। साथ ही केन्द्र में तीसरे मोर्चे की सरकार का नेतृत्व मायावती करेंगी। उन्होंने कहा कि गरीब और किसानों का कर्ज इनेलो-बसपा सरकार माफ करेगी। युवाओं को नौकरी दी जाएगी और 15 हजार रूपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। किसान के ट्यूबवैल का पूरा बिल माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सतलुज-यमुना सम्पर्क नहर निर्माण के लिए पार्टी द्वारा जारी संघर्ष आगामी एक नवम्बर तक ठोस कदम न उठाए जाने पर आगे बढाया जाएगा।

 

रैली में कुछ युवाओं के शोर करने के कारण बसपा प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती और बसपा के प्रभारी डाॅ मेघराज ने अपने संबोधन में बार-बार अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने ओपी चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही। साथ यह भी कहा कि पहले विधायक लेकर आओ और पार्टी को बहुमत में लाओ इसके बाद मुख्यमंत्री का फैसला किया जाएगा। डाॅ मेघराज ने कहा कि रैली में जुटी भीड बता रही है कि इनेलो-बसपा गठबंधन सत्ता में आने वाला है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल इस गठबंधन के टूटने की बात करते हैं लेकिन यह चट््टान की तरह अटूट है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो