scriptजाटलैंड में ताल ठोकेंगे राजकुमार सैनी, एलएसपी व बीएसपी गठबंधन में हुआ सीटों का बंटवारा | seat sharing between BSP and raj kumar saini's party in haryana | Patrika News

जाटलैंड में ताल ठोकेंगे राजकुमार सैनी, एलएसपी व बीएसपी गठबंधन में हुआ सीटों का बंटवारा

locationसोनीपतPublished: Mar 07, 2019 06:12:57 pm

Submitted by:

Prateek

हरियाणा में मायावती को रैलियों के लिए भेजा प्रस्ताव,कुरूक्षेत्र में बसपा लगा सकती है कि सैनी समर्थक पर दांव…
 
 

bsp

bsp

(चंडीगढ़,सोनीपत): लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा की राजनीति में तीसरे मोर्चे के रूप में उभरने की कोशिश कर रहे लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन में लोकसभा चुनाव की सीटों का बंटावारा हो गया है। जिसके चलते करीब साढे चार साल से जाट समुदाय के विरूद्ध खुलकर बोल रहे भाजपा के बागी सांसद राजकुमार सैनी सोनीपत व भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से चुनावी ताल ठोकते हुए नजर आएंगे। सैनी ने बृहस्पतिवार को भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से रमेश राव पायलट को प्रत्याशी भी घोषित कर दिया। बहुजन समाज पार्टी ने हाल ही में इनेलो छोडक़र लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के साथ गठबंधन किया है। लोकसभा सीटों की दावेदारी में बहुजन समाज पार्टी को आठ और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी को दो सीट दी गई हैं जबकि विधानसभा में लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी 55 और बसपा 35 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। लोकसभा चुनाव के ऐलान से पहले दोनों पार्टियों में सीटों का बंटवारा हो गया है।


सूत्रों के अनुसार राजकुमार सैनी के हिस्से भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट और सोनीपत लोकसभा सीट आई है। प्रदेश के अंबाला, कुरूक्षेत्र, करनाल, हिसार, सिरसा, रोहतक, गुरुग्राम व फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्रों पर बसपा अपने प्रत्याशी उतारेगी। कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र राजकुमार सैनी का अपना गृहक्षेत्र होने के बावजूद यह सीट बसपा के खाते में जा सकती है। माना जा रहा है कि बसपा यहां से सैनी समाज से संबंधित किसी एलएसपी नेता को अपनी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़वा सकती है। सैनी इस बार खुद चुनाव लडऩे की बजाए अपनी पार्टी के नेताओं को ही मैदान में उतार रहे हैं।


दूसरी तरफ हरियाणा में इस गठबंधन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के लिए बसपा सुप्रीमों मायावती की रैलियों का कार्यक्रम भी तय किया जा रहा है। बसपा अंबाला लोकसभा सीट से पहले चुनाव भी जीत चुकी है। सिरसा में भी बसपा के मजबूत होने के चलते यह माना जा रहा है कि आने वाले समय में मायावती प्रदेश में दो से तीन रैलियों को संबोधित करेंगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो