दौसा

लोकसभा चुनाव : कांग्रेस जुटी तैयारी में, भाजपा में रैली की चर्चा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

दौसाMar 25, 2019 / 08:25 am

gaurav khandelwal

दौसा. लोकसभा चुनाव के लिए फिलहाल प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं, लेकिन आचार संहिता लगने के बाद से ही सरगर्मी तेज हो गईहै। दौसा सीट पर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर तैयारियां तेज कर दी है। वहीं भाजपा में अभी टिकट का इंतजार देखा जा रहा है। हालांकि 26 मार्च को सिकंदरा में होने वाली विजय संकल्प रैली की तैयारियां की जा रही है।
 


कांग्रेस में अभी प्रत्याशी का नाम की घोषणा नहीं हुईहै, लेकिन अंदरखाने टिकट तय माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं से लेकर पदाधिकारियों तक सब की जुबां पर एक प्रत्याशी का नाम है। अब विधानसभावार बैठक कर चुनाव में जुटने का आह्वान किया गया है। रविवार को दौसा व बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
 

 

इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखा गया तथा कांग्रेस को जिताने का संकल्प लिया गया। लोकसभा क्षेत्र में एक दशक से मिली हार की टीस देखी गई तथा इस बार पार्टी को जिताने के लिए दमखम लगाने का आह्वान किया। सूत्रों ने बताया कि 26 को प्रदेश में राहुल गांधी की सभा के बाद प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।
 


झूठ की पोल खोलेंगे-मुरारी


दौसा से विधायक मुरारीलाल मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। जनता के बीच जाकर बीजेपी के झूठे वादों की पोल खोली जाएगी। इस बार जनता झूठे वादों में नहीं आए, इसके लिए जनता को सच बताया जाएगा।मीना ने टिकट मिलने के सवाल पर कहा कि टिकट चाहे किसी को भी मिले, हमें कांग्रेस पार्टी के लिए काम करना है।
 

एक दशक से दौसा में कांग्रेस का सांसद नहीं बनने पर विधायक ने कहा कि दौसा लोकसभा क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन परिसीमन से कुछ ऐसी परिस्थितियां बन गई जिस वजह से दौसा को कांग्रेस का सांसद नहीं मिल पाया। अब जिस तरह विधानसभा चुनाव में दौसा सीट से रिकॉर्ड तोड़कर 51 हजार मतों से जीत दर्ज की, उसी तरह लोकसभा में भी राजस्थान में रिकॉर्ड कायम किया जाएगा।
 

मीणा ने कहा कि उन्होंने कभी पार्टी से टिकट की मांग नहीं की, लेकिन पार्टी जैसा निर्णय करेगी उसका साथ दिया जाएगा। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ ने कहा कि चुनाव के लिए कांग्रेस एकजुट होकर तैयार है। दौसा सीट पर विधानसभा चुनाव की तरह भाजपा का सूपड़ा साफ किया जाएगा।
 

 

आकांक्षाओं की पूर्ति करेंगे


पूर्व विधायक व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलकासिंह गुर्जर ने रविवार को विजय संकल्प रैली पर स्थानीय कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान गुर्जर ने कहा कि अब तक पांच साल में जनता की आवश्यकताओं को पूरा किया गया। अब आकांक्षाओं की पूर्ति करेंगे। भारत को विश्व में समृद्धशाली राष्ट्र बनाया जाएगा।
 

 

गुर्जर ने बताया कि रैली को केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर संबोधित करेंगे। जनता के बीच सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा। सरकार ने हर क्षेत्र में सरकार ने बेहतर काम किया। आतंकवाद का खात्मा करने का सक्षम नेतृत्व भाजपा के पास है। राजस्थान की सभी 25 सीटों पर जीत दर्ज की जाएगी। वहीं पूर्व मंत्री रामकिशोर मीना ने कहा कि सभा को लेकर नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.