खास खबर

Durgashtami: मां अम्बे के दरबार में लगाई धोक, हवन वेदी में दी आहुतियां

Durgashtami: चैत्र नवरात्र में नौ दिन तक माता की आराधना करने वाले साधकों ने मंगलवार को माता के आठवें रूप महागौरी का विधि-विधान के साथ पूजन किया। साधकों ने सुबह दुर्गासप्तशती का पाठ किया। इसके बाद वेद मंत्रों की ध्वनि के साथ स्वाह का उच्चारण करते हुए हवन वेदी में आहुतियां देकर खुशहाली की कामना की।

पालीApr 16, 2024 / 08:42 pm

Rajeev

दुर्गाष्टमी पर हवन करते श्रद्धालु।

Durgashtami: चैत्र नवरात्र में नौ दिन तक माता की आराधना करने वाले साधकों ने मंगलवार को माता के आठवें रूप महागौरी का विधि-विधान के साथ पूजन किया। साधकों ने सुबह दुर्गासप्तशती का पाठ किया। इसके बाद वेद मंत्रों की ध्वनि के साथ स्वाह का उच्चारण करते हुए हवन वेदी में आहुतियां देकर खुशहाली की कामना की। माता को प्रसाद का भोग चढ़ाया। इसके बाद माता का स्वरूप मानकर दस वर्ष की आयु से कम की नौ कन्याओं व दो बालकों को भैरू का रूप मानकर पूजन किया। उनके भाल पर टीका लगाया और भोजन करवाया। कन्याओं व बालकों को उपहार व दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया। साधकों ने माता दुर्गा के मंदिरों में जाकर माता के दरबार में शीश नवाया।

मंदिरों में आहुतियां देकर मांगी खुशहाली

माता के मंदिरों में दुर्गाष्टमी पर हवन व पूजन कर माता का विशेष श्रृंगार किया गया। शहर के पूनागर माता, मानपुरा भाखरी स्थित चामुण्डा माता, जूना मठ स्थित हिंगलाज माता, गाजण माता, पानी दरवाजा स्थित जोगमाया मंदिर, लोर्डिया बांध स्थित करणीमाता मंदिर, नागा बाबा बगेची, सिंधी कॉलोनी देवी माता मंदिर, बादशाह का झण्डा माता मंदिर के साथ अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने हवन वेदी में आहुतियां देकर कल्याण की प्रार्थना की। जिले के कई मंदिरों में साधकों ने रात को हवन किया।

मेले सा रहा माहौल

दुर्गाष्टमी पर माता के दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी। शहर के निकट पूनागर माता के मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को गए। वहां पहाड़ी की तलहटी में हाट बाजार सजा। मानपुरा भाखरी चामुण्डा माता मंदिर के साथ गाजण माता सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर मंगल कामना की।
Durgashtami: मां अम्बे के दरबार में लगाई धोक, हवन वेदी में दी आहुतियां

Hindi News / Special / Durgashtami: मां अम्बे के दरबार में लगाई धोक, हवन वेदी में दी आहुतियां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.