खास खबर

WFH : जानिए, कितने घंटे काम सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है

-विश्व स्वास्थ्य संगठन और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की अध्ययन रिपोर्ट

May 24, 2021 / 07:01 pm

pushpesh

जानिए, कितने घंटे से ज्यादा काम सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है

कोरोना महामारी के कारण पिछले वर्ष से दुनियाभर में लोगों की जीवनशैली काफी बदल गई। लॉकडाउन और पाबंदियों की वजह से लोग अपने-अपने घरों से काम कर रहे हैं, इस वजह से कई बार उन्हें ज्यादा घंटे काम के लिए निकालने पड़ रहे हैं। पिछले दिनों विश्व स्वास्थ्य संगठन और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की एक अध्ययन रिपोर्ट में बताया गया है कि सप्ताह में 55 घंटे से अधिक काम करने से हृदय रोग और आघात से मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है। यह शोध एनवायरमेंटल इंटरनैशनल जर्नल में छपा है, यह लंबे समय तक काम करने से जुड़े जीवन और स्वास्थ्य के लिए जोखिमों का पहला वैश्विक विश्लेषण है। शोध में महामारी के पहले की अवधि पर ध्यान केंद्रित किया गया और शोध के लेखकों ने लाखों लोगों को लेकर हुए दर्जनों अध्ययनों के डाटा का इस्तेमाल किया।
गंभीर स्वास्थ्य खतरा
विश्व स्वास्थ्य संगठन की पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य विभाग की निदेशक मारिया नीरा के मुताबिक, सप्ताह में 55 घंटे या उससे अधिक काम करना एक गंभीर स्वास्थ्य खतरा है। यह समय है कि हम सभी- सरकार, नियोक्ता और कर्मचारी- इस तथ्य को जानें कि लंबे समय तक काम करने से अकाल मृत्यु हो सकती है।
35 फीसदी बढ़ जाता है स्ट्रोक का खतरा
इस शोध में पाया गया कि सप्ताह में 35 से 40 घंटे काम करने वालों के मुकाबले 55 घंटे या उससे अधिक काम करने से आघात का खतरा 35 प्रतिशत और दिल संबंधी बीमारियों का खतरा 17 प्रतिशत अधिक हो जाता है।

Home / Special / WFH : जानिए, कितने घंटे काम सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.