जयपुर

सर्दी में खाया कीजिए मूंगफली

सर्दी का मेवा मानी जाने वाली मूंगफली सिर्फ टाइम पास का जरिया नहीं है बल्कि इसमें हमारे लिए काफी फायदे शामिल हैं। जानते हैें मूंगफली हमारे लिए कितनी गुणकारी है।

जयपुरDec 15, 2019 / 12:30 pm

Chand Sheikh

सर्दी में खाया कीजिए मूंगफली

स्वस्थ दिमाग
मूंगफली में विटामिन बी-3 होता है। यह विटामिन दिमागी प्रक्रिया को तेज करने में सहायक होता है। यह याद्दाश्त को भी मजबूत करता है। मूंगफली स्वस्थ व एक्टिव दिमाग के लिए फायदेमंद है।
वजन में कमी
खाना खाने से कुछ समय पहले थोड़ी सी भुनी हुई मूंगफली बिना चीनी की चाय के लेने से भूख जल्दी शांत हो जाती है। ऐसे में व्यक्ति कम भोजन करता है। इससे वजन कम होने लगता है।
ब्लड शुगर नियंत्रित
संतुलित मात्रा में मूंगफली खाने से डायबिटीज की आशंका घटती है। इसमें पाए जाने वाला मैंगनीज तत्व ब्लड शुगर कंट्रोल करता है, शरीर को कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है।

विटामिन से भरपूर
मूंगफली में विटामिन बी भरपूर मात्रा में होता है। इसमें शरीर के लिए आवश्यक कैलोरीज का भंडार होता है। इसमें मोनो अनसेचुरेटेड फैटी एसिड होता है जो दिल के रोगों के खतरे को कम करता है।
मजबूत हड्डियां
मूंगफली में पाए जाने वाला आयरन लाल रक्त कोशिकाएं बढ़ाता है। मूंगफली में उपस्थित कैल्शियम हड्डियां मजबूत बनाता है और ऑस्टियोपोरोसिस होने की आशंका कम करता है।

कोमल त्वचा
सेंकी हुई मूंगफली खाने से त्वचा कोमल रहती है। जरा सा मूंगफली का तेल, दूध और गुलाब जल मिलाकर मालिश करें और बीस मिनट बाद स्नान कर लें, त्वचा का रूखापन ठीक हो जाएगा।
मूड सुधरता है
मूंगफली में ट्रिपटोफान नामक एमिनोएसिड होता है जो कि मूड सुधारने वाले हार्मोन सेरोटोनिन का स्राव बढ़ाता है। इससे मूड अच्छा रहता है और मन शांत रहता है।

रोग प्रतिरोधक क्षमता
मूंगफली शरीर की रोगप्रतिरोधक प्रणाली को चुस्त बनाने में भी सहायक होती है। मूंगफली में वसा जैसे अन्य पौष्टिक तत्व भी होते है जो कि हमें सेहतमंद बनाए रखते हैं।
पौष्टिक तेल
मूंगफली का तेल पौष्टिक और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। यह आसानी से पच जाता है। इसमें पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन होता है। जोड़ों के दर्द में मूंगफली के तेल से मालिश से आराम मिलता है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.