जयपुर

देश से भाजपा की विदाई तय: पायलट

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि कर्नाटक, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व 2019 के आमचुनाव में जनता भाजपा की विदाई को स

जयपुरMay 08, 2018 / 08:13 pm

rahul


जयपुर
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि कर्नाटक, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व 2019 के आमचुनाव में जनता भाजपा की विदाई को सुनिश्चित करेगी।
पायलट ने कहा कि कर्नाटक हो या राजस्थान जो लोग भाजपा की सियासत की धुरी है, उन्होंने सत्ता में रहते हुए भ्रष्टाचार को बढ़ाने का काम किया है और आमजन के हितों के साथ समझौते किए है। उन्होंने कहा कि भाजपा दोहरे चरित्र की पार्टी है जिसने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदुरप्पा को पहले तो भ्रष्टाचार के नाम पर निकाल दिया था और अब उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार बेल्लारी के रेड्डी बंधु जो खनन घोटाले के आरोपी है वे भी भाजपा की चुनाव की रणनीति का प्रमुख हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी भाजपा ने मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के ही नेतृत्व में आगामी चुनाव लडऩे की घोषणा की है जिससे साफ पता चलता है कि भ्रष्टाचार को संरक्षण देने वाले लोग भाजपा के नेतृत्वकर्ता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के वर्तमान कार्यकाल के दौरान खनन घोटाला, पीएचईडी घोटाला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से जुड़े घोटाले, एलईडी खरीद घोटाला आदि सार्वजनिक हो चुके है जिसके कारण भाजपा को गत् दिनों उपचुनाव में जनता ने सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने न सिर्फ भ्रष्टाचार को ही संरक्षण दिया है वरन् बढ़ते अपराधों के प्रति भी सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा ने जैसी नीतियों को बनाकर लागू किया है उसके कारण आमजनता का आर्थिक शोषण चरम पर है। उन्होंने कहा कि पूरा देश जान चुका है कि भाजपा का उद्देश्य हर तरह के हथकण्डे अपनाकर सत्ता पर काबिज होना मात्र है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जिस उम्मीद के साथ देश व प्रदेश में जनता ने बागडौर सौंपी थी उसके साथ न्याय करने में भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल रही है और गैर मुद्दों को तूल देकर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण व सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर भाई को भाई से लड़वाकर अपनी सियासत को रंग देना चाहती है। पायलट ने कहा कि कर्नाटक, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व वर्ष 2019 के आमचुनाव में देश के राजनीतिक पटल से जनता भाजपा की विदाई को सुनिश्चित करेगी।
 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.