बीकानेर

मजदूर संघ के अध्यक्ष ने कहा, अगले माह रेलवे कर्मचारी करेंगे प्रदर्शन

बीकानेर.रेलवे में बढ़ते निजीकरण के खिलाफ कर्मचारी संगठन लामबंद हो रहे हैं। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन एवं उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के अध्यक्ष गुमान सिंह ने रविवार को पत्रकारों के समक्ष यह बात कही।

बीकानेरDec 16, 2018 / 07:48 pm

dinesh kumar swami

मजदूर संघ के अध्यक्ष ने कहा, अगले माह रेलवे कर्मचारी करेंगे प्रदर्शन

बीकानेर.रेलवे में बढ़ते निजीकरण के खिलाफ कर्मचारी संगठन लामबंद हो रहे हैं। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन एवं उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ के अध्यक्ष गुमान सिंह ने रविवार को पत्रकारों के समक्ष यह बात कही। उन्होंने कहा कि रेलवे में ठेका प्रथा का विस्तार हो रहा है, यह सभी के लिए घातक है। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है।
सिंह ने कहा कि निजीकरण, सातवें वेतनमान, नई पेंशन योजना सहित 23 सूत्री मांगों को लेकर 7 जनवरी को देशभर में संगठन स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार ने नहीं सुनी तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी। मंडल प्रबंधन कार्यालयों, कारखानों, स्टेशनों आदि पर प्रदर्शन होगा। उन्होंने पिछले साल हड़ताल का निर्णय किया था, लेकिन सरकार की समझाइश पर कर्मचारियों ने हड़ताल टाल दी। इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं हुई। अब सरकार पर दबाव बनाने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है।
 

समझ से परे है नीति
गुमान सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीति समझ से परे है। नई भर्ती नहीं हो रही है। तर्क दिया जा रहा है कि खर्च बढ़ेगा, लेकिन कम कर्मचारियों से ओवर टाइम करवाया जा रहा है। सेवानिवृत्त कार्मिकों को लगाया जा रहा है, इससे अच्छा है कि युवाओं को मौका दिया जाए। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि देश में बेरोजगारों की भरमार है, लेकिन सरकार रोबोट से काम लेना चाहती है।
 

इन मुद्दों पर हुई चर्चा
उत्तर पश्चिम रेलवे मजदूर संघ बीकानेर के तत्वावधान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रविवार को एनडब्ल्यूआर जोन वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, अजमेर से आए संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष समस्याएं रखी। साथ ही यूनियनों की मान्यता व आगामी चुनावों पर चर्चा की गई। उन्होंने ट्रैक मेंटनरों के प्रमोशन खोलने, अन्य विभागों में परीक्षा से कैटेगरी बदलने, ड्यूटी समय निर्धारित करने व रिक्त पदों पर भर्ती करने, नई पेंशन नीति रद्द करने, रेलवे अस्पताल में बाहरी लोगों के उपचार की छूट का विरोध करने सहित कई मुद्दे उठाए। बैठक में यूपीआरएमएस के जोनल महामंत्री विनोद मेहता, जयपुर मंडल के सीपी यादव, रमेश शर्मा, अजमेर के शशि महावर, जोधपुर के अजय शर्मा, धर्मेश जोशी, अनिल शर्मा, बीकानेर मंडल के अंसार अहमद, विजय सिंह भाटी, नित्यानंद जांगू आदि शामिल हुए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.