scriptगीतकार शैलेंद्र ने अपने करियर की शुरुआत रेलवे में नौकरी कर की | Shailendra was expert in writing songs on every situation of life | Patrika News

गीतकार शैलेंद्र ने अपने करियर की शुरुआत रेलवे में नौकरी कर की

Published: Dec 14, 2016 12:04:00 am

शैलेन्द्र ने वर्ष 1947 में अपने कैरियर की शुरुआत मुंबई में रेलवे की नौकरी से की

Lyricist Shailendra

Lyricist Shailendra

मुंबई। दो दशक से अधिक समय तक लगभग 170 फिल्मों में जिंदगी के हर फलसफे और जीवन के हर रंग पर गीत लिखने वाले शैलेन्द्र के गीतों में हर मनुष्य स्वयं को ऐसे समाहित सा महसूस करता है जैसे वह गीत उसी के लिए लिखा गया हो। अपने गीतों की रचना की प्रेरणा उन्हें मुंबई के जुहू बीच पर सुबह की सैर के दौरान मिलती थी। चाहे जीवन की कोई साधारण सी बात क्यों न हो वह अपने गीतों के जरिए जीवन के सभी पहलुओं को उजागर करते थे।

पश्चिमी पंजाब के रावलपिन्डी शहर (पाकिस्तान) में 30 अगस्त, 1923 को जन्मे शंकर दास केसरीलाल उर्फ शैलेन्द्र अपने भाइयों मे सबसे बड़े थे। उनके बचपन में ही उनका परिवार रावलपिंडी छोड़कर मथुरा चला आया। जहां उनकी माता पार्वती देवी की मौत से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा और उनका ईश्वर पर से सदा के लिए विश्वास उठ गया। अपने परिवार की घिसी
पिटी परंपरा को निभाते हुए शैलेन्द्र ने वर्ष 1947 में अपने कैरियर की शुरुआत मुंबई में रेलवे की नौकरी से की।

उनका मानना था कि सरकारी नौकरी करने से उनका भविष्य सुरक्षित रहेगा। इस समय स्वतंत्रता संग्राम अपने चरम पर था। रेलवे की नौकरी उनके स्वभाव के अनुकूल नहीं थी। आफिस में अपने काम के समय भी वह अपना ज्यादातर समय कविता लिखने मे हीं बिताया करते थे जिसके कारण उनके अधिकारी उनसे नाराज रहते थे। इस बीच शैलेन्द्र देश की आजादी की लड़ाई से जुड़ गए और अपनी कविता के जरिए वह लोगों में जागृति पैदा करने लगे।

उन दिनों उनकी कविता ‘जलता है पंजाब’ काफी सुर्खियों मे आ गई थी। शैलेन्द्र कई समारोह में यह कविता सुनाया करते थे। गीतकार के रूप में शैलेन्द्र ने अपना पहला गीत वर्ष 1949 में प्रदर्शित राजकपूर की फिल्म ‘बरसात’ के लिए ‘बरसात में तुमसे मिले हम सजन’ लिखा था। इसे संयोग हीं कहा जाए कि फिल्म ‘बरसात1 से हीं बतौर संगीतकार शंकर जयकिशन ने
अपने कैरियर की शुरुआत की थी। इसके बाद शैलेन्द्र, राजकपूर के चहेते गीतकार बन गए।

इसके बाद दोनों की जोड़ी ने कई फिल्में एक साथ की। इन फिल्मों में आवारा, आह, श्री 420, चोरी चोरी, अनाड़ी, जिस देश में गंगा बहती है, संगम, तीसरी कसम, एराउंड द वल्र्ड, दीवाना, सपनों का सौदागर और मेरा नाम जोकर जैसी फिल्में शामिल हैं। राजकपूर के साथ शैलेन्द्र की मुलाकात एक कवि सम्मेलन के दौरान हुई थी। राजकपूर को शैलेन्द्र के गाने का अंदाज बहुत भाया और उन्हें उसमें भारतीय सिनेमा का एक उभरता हुआ सितारा दिखाई दिया।

राजकूपर ने शैलेन्द्र से अपनी फिल्मों के लिए गीत लिखने की इच्छा जाहिर की किंतु शैलेन्द्र को यह बात रास नहीं आई और उन्होंने उनकी पेशकश ठुकरा दी , लेकिन बाद में घर की कुछ जिम्मेदारियों के कारण उन्होंने राजकपूर से दोबारा संपर्क किया और अपनी शर्तों पर हीं राजकपूर के साथ काम करना स्वीकार कर लिया। राजकपूर के अलावा शैलेन्द्र की जोड़ी निर्माता-निर्देशक विमल राय के साथ भी खूब जमी।

शैलेन्द्र अपने कैरियर के दौरान प्रोग्रेसिव रायटर्स एसोसियेशन के सक्रिय सदस्य बने रहे। वह इंडियन पीपुल्स थियेटर (इप्टा) के भी संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उनको उनके गीतों के लिए तीन बार फिल्म फेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनके सिने सफर में उनकी जोड़ी प्रसिद्ध संगीतकार शंकर जयकिशन के साथ खूब जमी और उनके बनाए गाने जबर्दस्त हिट हुए।

शैलेन्द्र ने नया, बूट पॉलिश, श्री 420 और तीसरी कसम में अभिनय भी किया था। इसके अलावा उन्होनें फिल्म परख 1960 के संवाद भी लिखे थे। उन्होंने वर्ष 1966 में तीसरी कसम का निर्माण किया, लेकिन बॉक्स आफिस पर इसकी असफलता के बाद उन्हें गहरा सदमा पहुंचा उसके बाद उनके मित्रों ने उन्हें किसी प्रकार का सहयोग करने से इनकार कर दिया। मित्रों की
बेरुखी और फिल्म तीसरी कसम की असफलता के बाद उन्हें कई बार दिल का दौरा पड़ा।

13 दिसंबर 1966 को अस्पताल जाने के क्रम में उन्होंने राजकपूर को आर के काटेज में मिलने के लिए बुलाया जहां उन्होंने राजकपूर से उनकी फिल्म मेरा नाम जोकर के गीत ‘जीना यहां मरना यहां’ को पूरा करने का वादा किया। लेकिन, वह वादा अधूरा ही रहा और अगले ही दिन 14 दिसंबर 1966 को उनकी मृत्यु हो गई। इसे महज एक संयोग हीं कहा जाएगा कि उसी दिन राजकपूर का जन्मदिन भी था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो