अजमेर

इस बार दस दिन के होंगे गुप्त नवरात्र

मौनी अमावस्या 11 को, अगले दिन से शक्ति स्वरूपा की साधना

अजमेरFeb 06, 2021 / 09:25 pm

baljeet singh

अजमेर. दान-धर्म और स्नान के लिए खास मानी जाने वाली माघ महीने की मौनी अमावस्या 11 फरवरी को रहेगी। अगले दिन माघ शुक्ल प्रतिपदा 12 फरवरी से माघ मास के गुप्त नवरात्र शुरू होंगे। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस माह शुक्लपक्ष का पखवाड़ा 15 की बजाय 16 दिन का रहेगा। जबकि गुप्त नवरात्र इस बार 9 की जगह 10 दिन के होंगे।
घनिष्ठा नक्षत्र में गुप्त नवरात्र की शुरुआत होगी। इस अवधि में खरीदारी के लिए कई शुभ संयोग भी बनेंगे। एक से ज्यादा ग्रहों का एक राशि में रहना साधकों की सिद्धि के लिए अनुकूल रहेगा। इस पक्ष में गुरु का उदय और शुक्र का तारा अस्त होगा। इस अवधि में 16 फरवरी को देवी सरस्वती का प्राकट्योत्सव बसंत पंचमी भी मनाया जाएगा। अबूझ मुहूर्त होने से इस दिन मांगलिक कार्यों की धूम रहेगी। मौनी अमावस्या को पितरों के निमित्त की गई पूजा, जलार्पण, दान, तीर्थ स्नान का विशेष महत्व रहेगा। गुप्त नवरात्र से देवी मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की जाएगी।
इनकी होगी आराधना

दस महाविद्या मां काली, तारा देवी, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, माता छित्रमस्ता, त्रिपुरी भैरवी, मां धूमावती, मां बगलामुखी, मां कमला की आराधना होगी। वहीं 16, 20 फरवरी को अमृतसिद्धि योग के अलावा कई योग संयोग रहेंगे। 17-18 फरवरी को षष्ठी तिथि की वृद्धि होने से एक दिन नवरात्र अधिक होगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.