scriptकोरोना का कहर: हॉकी प्रो लीग में भारत का खेलना मुश्किल | Patrika News

कोरोना का कहर: हॉकी प्रो लीग में भारत का खेलना मुश्किल

locationनई दिल्लीPublished: May 04, 2021 12:47:29 pm

Submitted by:

Mahendra Yadav

जर्मनी ने भारत के यात्रियों को प्रतिबंधित कर दिया है, इसलिए देश में कोविड-19 मामलों में हो रही लगातार बढ़ोतरी के कारण 22 और 23 मई को हैम्बर्ग में हॉकी प्रो लीग मैचों में भारत का खेलना मुश्किल हो सकता है।

indian_hockey_team.png
देश में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच भारतीय पुरुष हॉकी टीम का आगामी एफआईएच प्रो लीग के लिए स्पेन और जर्मनी का दौरा करना तय नहीं लग रहा है। राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़े एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि चूंकि जर्मनी ने भारत के यात्रियों को प्रतिबंधित कर दिया है, इसलिए देश में कोविड-19 मामलों में हो रही लगातार बढ़ोतरी के कारण 22 और 23 मई को हैम्बर्ग में हॉकी प्रो लीग मैचों में भारत का खेलना मुश्किल हो सकता है।
रद्द करना पड़ा था दौरा
पिछले महीने ही ब्रिटेन ने कोरोनो वायरस मामलों के कारण भारत के यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके कारण 8 और 9 मई को लंदन में होने वाले एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैच खेलने के लिए राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम को अपना दौरा रद्द करना पड़ा था। अधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों को अपने प्रतिस्पर्धी कौशल को चमकाने में मदद करने के लिए, हॉकी इंडिया टीम को यूरोप भेजना चाह रहा था। राष्ट्रीय टीम को 15 और 16 मई को वेलेंसिया में हॉकी प्रो लीग मैचों में स्पेनिश लेग में मुकाबला करना था।
यह भी पढ़ें— टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाली भारतीय हॉकी टीम को लगा कोरोना का टीका

भारतीय खेल प्राधिकरण में ट्रेनिंग कर रहे
बता दें कि पिछले महीने ही भारतीय टीम ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैचों के अर्जेंटीना में अपने मुकाबले खेले थे। भारत के 33 खिलाड़ियों का मुख्य समूह इस समय बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण में ट्रेनिंग कर रहा है।
कोरोना से पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी का निधन
वहीं कोरोना की वजह से पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजीव वार्ला का निधन हो गया। संजीव वार्ला के निधन से खेल प्रेमियों में शोक की लहर है। रिपोर्ट के अनुसार, संजीव अपने भाई की मंगनी में शामिल होने पैतृक गांव गए थे। 12 अप्रेल को को संजीव की तबीयत खराब हुई। 13 अप्रेल को उन्हें राजगांगपुर सरकारी अस्पताल लाया गया। वहां जांच में वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सांस में तकलीफ के बाद उन्हें 15 अप्रेल को राउरकेला के जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो