खेल

HOCKEY WORLD CUP 2023: इंटरनेशनल डेब्यू के 128 साल बाद विश्व कप में उतरेगी वेल्स टीम

पार्टटाइम खिलाडि़यों से तैयार हुई टीम। कोई स्टूडेंट है तो कोई टीचर। फाइनेंशियल एनालिस्ट भी टीम में शामिल। वीकेंड पर डबल सेशन में करते हैं अभ्यास। देश का प्रतिनिधित्व करने को फंडिंग भी की।

नई दिल्लीJan 13, 2023 / 02:53 pm

Mridula Sharma

HOCKEY WORLD CUP 2023: इंटरनेशनल डेब्यू के 128 साल बाद विश्व कप में उतरेगी वेल्स टीम

नई दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 128 साल पहले पदार्पण करने वाली वेल्स की पुरुष टीम अपने पहले विश्व कप में खेलने को पूरी तरह तैयार है। हालांकि वेल्स की टीम पेशे से स्टूडेंट्स, टीचर्स और फाइनेंशियल एनालिस्ट जैसे पार्ट टाइम खिलाडि़यों से सजी है और अब ये सब मिल कर दुनिया की शीर्ष टीमों का सामना करने को तैयार है। 13 से 29 जनवरी तक भारत के भुवनेश्वर व राउरकेला में होने वाले एफआइएच हॉकी विश्व कप में वेल्स की टीम पहले दिन पूल-डी में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी। टीम के उपकप्तान ल्यूक हॉकर ने कहा कि खिलाडि़यों और सपोर्ट स्टाफ के लिए इतने बड़े टूर्नामेंट में उतरने का यह पहला अनुभव होगा।
शौकिया तौर पर खेलते हैं हॉकी
हॉकर ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा कि टीम में शामिल सभी खिलाड़ी शौकिया तौर पर रोजाना शाम को या फिर वीकेंड में हॉकी खेलते हैं। हम विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि वेल्स की टीम विश्व कप खेलने जा रही है। हम सबके लिए यह किसी सपने की तरह है।
आयरलैंड को शूटआउट में हरा कर किया क्वालीफाई
वेल्स ने अक्टूबर, 2021 में कार्डिफ में खेले गए ड्रामे से भरपूर मुकाबले में आयरलैंड को शूटआउट में हरा कर विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था। हालांकि वेल्स की टीम ने 1908 के लंदन ओलंपिक में छह टीमों के बीच हुई हॉकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था, लेकिन विश्व कप में यह उसका पहला मौका होगा। वेल्स की टीम ने अपने शुरुआती 50 में से सिर्फ तीन जीते थे। इंग्लैंड को हराने के लिए उसे 70 साल लगे, अब यह देखना रोचक होगा कि वेल्स की टीम इतिहास को दोहरा पाती है या नहीं।
छुट्टी के दिन डबल सेशन में करते हैं अभ्यास
टीम के मुख्य कोच डैनी न्यूकॉम्ब ने कहा, हमारी हॉकी टीम बेहद बुरे दौर से गुजरी है, लेकिन अब धीरे-धीरे हम फिर से खड़े हो रहे हैं। खिलाड़ी अपने काम की व्यस्तता के कारण रोज अभ्यास नहीं कर पाते हैं, इसलिए वीकेंड और छुट्टी के दिन डबल सेशन में अभ्यास सत्र रखते हैं। खिलाड़ी सोमवार से शुक्रवार अपना पेवेशवर काम करते हैं और उसके बाद शनिवार व रविवार को कार्डिफ में अभ्यास के लिए जुटते हैं।
क्राउडफंडिंग कर जुटाई धनराशि
कोच ने बताया कि वेल्स टीम को भारत लाना हमारे लिए बड़ी वित्तीय चुनौती रही। हॉकी वेल्स आर्थिक रूप से इतना मजबूत नहीं है, इसलिए क्राउडफंडिंग के जरिए धनराशि जुटाई गई। खिलाडि़यों ने भी फंडिंग की ताकि हम किसी से कम साबित ना हों। हॉकी वेल्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया बर्रेज माले ने कहा, हमें उम्मीद है कि भारत में होने वाले विश्व कप के बाद हमारे लिए चीजें बदलेंगी।

Home / Sports / HOCKEY WORLD CUP 2023: इंटरनेशनल डेब्यू के 128 साल बाद विश्व कप में उतरेगी वेल्स टीम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.