scriptचैंपियंस ट्राफीः दमदार है भारत का ‘गब्बर’, इस बार कई रिकॉर्ड कर सकते हैं अपने नाम | Patrika News

चैंपियंस ट्राफीः दमदार है भारत का ‘गब्बर’, इस बार कई रिकॉर्ड कर सकते हैं अपने नाम

Published: May 27, 2017 07:50:00 pm

Submitted by:

balram singh

हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में भी उन्होंने दमदार खेल का प्रदर्शन किया था। रन बनाने वालों का लिस्ट में वे तीसरे स्थान पर रहे। इस आगामी ट्राफी में उनके निशाने पर कई रिकॉर्ड रहेंगे।

Shikhar Dhawan

Shikhar Dhawan

भारतीय क्रिकेट में गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन एक बार फिर चैंपियंस ट्राफी में अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने पिछली बार भारत को इस टूर्नामेंट में विजेता बनने में अहम योगदान दिया था। 
2013 चैम्पियंस ट्राफी

वह धवन की पहली चैम्पियंस ट्रॉफी थी। इस टूर्नामेंट के 2013 के संस्करण में धवन ने कुल पांच मैचों की पांच पारियों में दो शतक और एक अर्धशतक की मदद से कुल 363 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 90.75 का रहा था।
रन औसत में दूसरे स्थान पर 

धवन ने 90.75 की रन औसत से रन बनाए थे जो चैम्पियंस ट्रॉफी में दूसरा सबसे ज्यादा औसत है। इस मामले में पाकिस्तान के सईद अनवर पहले स्थान पर है। उनका चैम्पियंस ट्रॉफी में औसत 144.50 का है।
धवन ने पिछली बार बल्ले से अच्छी शुरुआत की थी और उसे बरकरार रखते हुए टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट के भारत के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 114 रनों की पारी खेली थी।
इस मैच के बाद हुए दूसरे मैच में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी शतक जड़ा था और 107 गेंदों में 102 रन बनाए थे। सेमीफाइनल में भी उनके बल्ले से रन निकले थे। श्रीलंका के खिलाफ हुए इस मैच में धवन के बल्ले से 68 रन निकले थे।
टीम इस बार खिताब बचाने के लिए उतरेगी और चाहेगी कि धवन अपने पिछले संस्करण के फॉर्म को भी जारी रखें। हाल ही में खत्म हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में भी धवन ने बल्ले का रंग दिखाया था और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे थे।
गौर करने वाली बात यह है कि चैम्पियंस ट्रॉफी के इस संस्करण में धवन सबसे अधिक औसत वाले बल्लेबाज की हैसियत से मैदान में उतरेंगे और साथ ही वह क्रिकेट क्रिस गेल, सौरव गांगुली और हर्शेल गिब्स के सबसे अधिक तीन शतकों के रिकार्ड को भी तोडऩा चाहेंगे।
गेल ने चैम्पियंस ट्रॉफी में सबसे अधिक 791 रन बनाए हैं। उनके बाद श्रीलंका के महेला जयवर्धने ने 742 रन बनाए हैं। चैम्पियंस ट्राफी के टॉप-5 बल्लेबाजों में गांगुली भी हैँ। गांगुली के नाम 665 रन हैं। उन्होंने तीन शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं।


हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल में भी उन्होंने दमदार खेल का प्रदर्शन किया था। रन बनाने वालों का लिस्ट में वे तीसरे स्थान पर रहे। इस आगामी ट्राफी में उनके निशाने पर कई रिकॉर्ड रहेंगे। 
अब देखना ये होगा कि क्या वे टीम के साथ ही फैंस की उम्मीदों पर भी खरा उतरेंगे या फिर लोगों को निराशा हाथ लगेगी। उनके अच्छा खेलने से टीम के जीतने के चांस ज्यादा बढ़ जाएंगे तथा साथ ही विराट कोहली और एमएस धोनी पर ज्यादा दवाब भी नहीं बढ़ेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो