वार्ड नंबर चालीस के पार्षद संदीप शर्मा ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड मकान नंबर 3/35 में उषादेवी शुक्रवार शाम को घर में अकेली थी और सागरमल कहीं गए हुए थे। इसी दौरान एक युवक हाथ में कागज व पैन लेकर घर में आया। उसने खुद को बीएलओ बताते हुए मकान में ऊपर रहने वाले बीरबल को पूछा। बीरबल वहां नहीं था। उसने बीरबल के वोट बनवाने के बारे जानकारी ली। इसके बाद उषादेवी के परिवार के वोटरों के नाम लिख लिए।
बाद में उसने पानी मांगा। उषादेवी पानी लेने अंदर गई तो वह भी उसके पीछे चला गया तथा चाकू से उसे जख्मी कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। उषादेवी से गोदरेज की अलमारी की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने की कहने पर उसे उषादेवी की बालियां उतारवाली तथा वहां रखे 2200 रुपए की नकदी लेकर महिला को कमरे में बंद कर फरार हो गया।
महिला के शोर करने पर वहां आसपास के लोगों ने उसे खोला तो यह घटना सामने आई। घटना को लेकर पार्षद सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इस संबंध में पुलिस को सूचना दे दी गई।