scriptजिसका पलड़ा भारी, उसे मिलेगी टिकट : वसुन्धरा | chief ministers meeting in Sriganganagar | Patrika News
श्री गंगानगर

जिसका पलड़ा भारी, उसे मिलेगी टिकट : वसुन्धरा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

श्री गंगानगरSep 08, 2018 / 08:41 pm

jainarayan purohit

chief minister

जिसका पलड़ा भारी, उसे मिलेगी टिकट : वसुन्धरा

सादुलशहर .

श्रीगंगानगर जिले में राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा और स्वागत समारोह में जनता से रूबरू होकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई वहां कांग्रेस की नीतियों पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की नीति जोडऩे वाली है जबकि कांग्रेस तोडऩे की नीति पर चलते हुए सत्ता में रही है।

मुख्यमंत्री की सादुलशहर में जनसभा थी जबकि इसी विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील लालगढ़ जाटान में उनके स्वागत का कार्यक्रम रखा गया था। स्वागत समारोह में आई भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने अपना भाषण जनसभा की तरह दिया।
गौरव यात्रा के लालगढ़ जाटान पहुंचने पर प्रदेश जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के सदस्य डॉ. बृजमोहन सहारण,सादुलशहर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप खीचड़, भाजपा प्रदेश मंत्री हरभगवान सिंह बराड़ व यात्रा के जिला प्रभारी आत्माराम तरड़ सहित कई लोगों ने उनका स्वागत किया।
सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की गंभीरता का ही परिणाम है कि नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसे घिनौना कृत्य करने वालों को फांसी की सजा का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री के आने से पहले सभा को स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचन्द कृपलानी, खान मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, सांसद निहालचन्द मेघवाल, नोहर विधायक अभिषेक मटोरिया व सूरतगढ़ विधायक राजेन्द्र भादू ने सम्बोधित किया। सादुलशहर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप खीचड़, प्रदेश जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के सदस्य डॉ. बृजमोहन सहारण, भाजपा प्रदेश मंत्री हरभगवान सिंह बराड़ व जिला यात्रा प्रभारी आत्माराम तरड़ ने मुख्यमंत्री राजे को ५१ किलो की फूल माला पहनाकर अभिनन्दन किया।
सादुलशहर की नई धान मण्डी में विधायक गुरजण्ट सिंह बराड़ व भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुरवीर सिंह बराड़ की अध्यक्षता में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कांग्रेस पर पचास सालों के शासन में प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी में लाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास में अग्रिम राज्यों की श्रेणी में लाने का कार्य किया है। कांग्रेस ढाई लाख करोड़ रुपए का कर्ज व अस्सी हजार करोड़ रुपए का विद्युत निगम का घाटा छोड़कर गई थी। इसकी भरपाई का काम भाजपा सरकार ने किया है।
शिक्षा के क्षेत्र में पूरे भारत में राजस्थान दूसरे पायदान पर है। अड़सठ हजार शिक्षकों की भर्ती की गई है तथा अठासी हजार शिक्षकों की भर्ती का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। क्षेत्र में साठ में से ४३ स्कूलों को क्रमोन्नत किया गया है। किसानों से किए गए वायदों को पूरा किया गया है। क्षेत्र की वितरिकाओं व खाळों को पक्का करने तथा किसानों के पचास हजार रुपए तक के ऋण माफ करने का कार्य भी किया है।
विधायक गुरजंट सिंह बराड़ व भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुरवीर सिंह बराड़ ने मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे को तलवार भेंट कर व 51 किलो की माला पहनाकर अभिनन्दन किया। जनसभा में लोग ढोल-नगाड़े बजाते हुए आए। बहुत से लोगों ने अपने चेहरे पर मोदी मास्क लगाए हुए थे।

बराड़ परिवार का कुनबा बड़ा

सादुलशहर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विधायक गुरजंट सिंह बराड़ की कई बार तारीफ की। मुख्यमंत्री ने जनसभा में आई भीड़ को देखकर कहा कि बराड़ परिवार ने आज साबित कर दिया कि उनका कुनबा बड़ा है। सादुलशहर में मुख्यमंत्री ४७ मिनट बोली जबकि लालगढ़ जाटान में उनका भाषण सात मिनट का रहा। जिला परिषद के पूर्व सदस्य बलदेव सिंह बराड़ ने सादुलशहर की जनसभा को बीकानेर संभाग की सबसे बड़ी जनसभा होने का दावा किया।

यह मिली सौगात

मुख्यमंत्री ने लालगढ़ जाटान में आयोजित स्वागत सभा समारोह को सम्बोधित करते हुए लालगढ़ जाटान में हैंडबॉल एकेडमी खोलने की घोषणा की तथा जिला कलक्टर ज्ञानाराम व ग्राम पंचायत सरपंच भारती गोदारा को इस बारे में आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा सादुलशहर की सीएचसी में चिकित्सकों के रिक्त पदों की मांग पर आगामी दिनों में चार चिकित्सक लगाने की भी घोषणा की। लालगढ़ जाटान हवाई पट्टी से जयपुर के लिए बन्द पड़ी हवाई सेवा शीघ्र शुरू करवाने का भी आश्वासन दिया।
गिनाए विकास कार्य

उन्होंने सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के बारे में कहा कि लालगढ़ जाटान मे डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से उपतहसील भवन का निर्माण, पांच करोड़ रुपये की लागत से श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ मार्ग का पुर्ननिर्माण, चार करोड़ रुपये की लागत से हवाई पट्टी के विस्तार का कार्य, पच्चीस लाख रुपये की लागत से पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण, साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से पेयजल व्यवस्था में सुधार के कार्य, लालगढ़ जाटान पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करना, तीन करोड़ रुपये मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना में खर्च किए गए, गौशाला को पहले तीन माह का अनुदान दिया जाता था, लेकिन अब उसे बढ़ाकर छ: माह कर दिया गया है।
सादुलशहर-श्रीगंगानगर सड़क के पुर्ननिर्माण पर ५५ करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी, इसके तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। सादुलशहर में राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना की गई। सादुलशहर में तीन करोड़ रुपये की लागत से शहरी गौरव पथ का निर्माण करवाया गया। ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी ग्रामीण गौरव पथों का निर्माण करवाया गया है। १०० करोड़ रुपये की लागत से वितरिकाओं को पक्का करवाने का कार्य जारी है।
पलड़ा भारी वाले को मिलेगी टिकट

लालगढ़ जाटान में मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे में जिसका पलड़ा भारी होगा, टिकट उसी को दी जाएगी व अन्य दावेदारों को टिकटधारी का साथ देना होगा।
——मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए हुई रवाना : मुख्यमंत्री सादुलशहर में आयोजित सभा को सम्बोधित करने के बाद राजकीय महिला महाविद्यालय के खेल मैदान में स्थित अस्थायी हेलीपेड स्थल पर पहुंची, वहां से वे दिल्ली में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में भाग लेने के लिए रवाना हो गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो