script

Video : पेयजल संकट से त्रस्त छात्राओं का प्रदर्शन

locationश्री गंगानगरPublished: Sep 06, 2017 07:15:39 pm

Submitted by:

vikas meel

शहर के चौधरी बल्लूराम गोदारा कन्या महाविद्यालय में पेयजल संकट से त्रस्त छात्राओं ने बुधवार को जोरदार हंगामा किया।

protest

protest

श्रीगंगानगर. शहर के चौधरी बल्लूराम गोदारा कन्या महाविद्यालय में पेयजल संकट से त्रस्त छात्राओं ने बुधवार को जोरदार हंगामा किया। छात्राओं ने छात्रा संघ अध्यक्ष संतोष भाटी के नेतृत्व में महाविद्यालय गेट पर धरना लगा दिया।
महाविद्यालय का एकमात्र वाटर कूलर खराब होने, जगह-जगह लीकेज होने और कॉलेज के स्टोर में रखा नया वाटरकूलर स्थापित नहीं होने से आक्रोशित छात्राओं ने अध्यक्ष भाटी को समस्या से अवगत करवाया। प्राचार्य सरबन सिंह के अवकाश पर होने के कारण कार्यवाहक प्राचार्य और महाविद्यालय प्रशासन को समस्या बताई गई। उन्होंने जल्द समस्या निराकरण का भरोसा दिलाया। इस पर भी छात्राएं संतुष्ट नहीं हुई वे हाथोहाथ वाटरकूलर लगवाने पर अड़ गईं।
कॉलेज गेट बंद कर धरने पर बैठीं

छात्राएं दोपहर डेढ़ बजे कॉलेज का मुख्य गेट बंद महाविद्यालय के अंदर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच छात्र संघ चुनाव में पराजित प्रत्याशी नौसीन खां व शहनाज और उनकी समर्थक धरनार्थी छात्राओं से भिड़ गईं। वह गेट बंद करने का विरोध करने लगी। इस बीच छात्रा संघ अध्यक्ष संतोष भाटी ने छात्राओं से कहा कि उन्होंने जबरन किसी भी छात्रा को नहीं रोका है। इस आंदोलन में जो छात्रा साथ नहीं देना चाहती वह घर जा सकती है। इस पर गेट खोल दिया गया और कुछ छात्राएं घर लौट गईं।
अध्यक्ष की समर्थक अंत तक डटी रहीं

अध्यक्ष भाटी की समर्थक छात्राएं शाम चार बजे तक महाविद्यालय प्रांगण में डटी रहीं। छात्राओं के आक्रोश को देखते हुए कार्यवाहक प्राचार्य डॉ.प्रदीप भाटी ने हाथोहाथ प्लंबर को बुलाया। प्लंबर ने पाइपों के लीकेज ठीक किए। इसके बाद नए वाटरकूलर को स्थापित कर चालू कर दिया। इसके बाद छात्राओं ने आंदोलन समाप्त किया।
छह माह से समस्या से जूझ रहे

कॉलेज में छह माह से पानी की समस्या है। यही हॉल हॉस्टल का है। गर्मी के मौसम में ठंडा पानी तो दूर गर्म पानी भी नहीं मिलता। महाविद्यालय प्रशासन के अनसुनी करने पर अंतत: उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
-संतोष भाटी, नवनिर्वाचित अध्यक्ष, चौधरी बल्लूराम गोदारा कन्या महाविद्यालय, श्रीगंगानगर

हाथोहाथ प्लंबर बुलवा वाटर कूलर लगवाया

प्राचार्य अवकाश पर हैं। मुझे यह पता ही नहीं था कि उनकी समस्या क्या है। दोपहर में छात्राओं ने उन्हें पेयजल संकट की समस्या से अवगत करवाया था। हाथोहाथ प्लंबर बुलवाकर नया वाटर कूलर लगवा दिया गया है। लीकेज भी ठीक करवा दिए हैं।
-डॉ.प्रदीप मोदी, कार्यवाहक प्राचार्य, चौधरी बल्लूराम गोदारा कन्या महाविद्यालय, श्रीगंगानगर

ट्रेंडिंग वीडियो