श्री गंगानगर

सुबह-शाम मतदाताओं में रहा अधिक उत्साह

https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/
 

श्री गंगानगरMay 07, 2019 / 05:38 pm

Krishan chauhan

सुबह-शाम मतदाताओं में रहा अधिक उत्साह

सुबह-शाम मतदाताओं में रहा अधिक उत्साह
श्रीगंगानगर. जिला मुख्यालय पर सोमवार को सुबह और शाम को मतदान करने के लिए युवक-युवतियों और महिला-पुरुषों में अपेक्षाकृत अधिक जोश देखा गया। सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू होते मतदाता मतदान केन्द्रों पर पहुंच गए। शाम को छह बजे के बाद तक मतदाता मतदान केन्द्रों पर डटे रहे।
शहर में सुबह-शाम को हर बूथ पर भीड़ देखने को मिली। जैसे-जैसे सूरज के तेवर तीखे हुए वैसे-वैसे मतदान की गति मंद पड़ती गई। दोपहर में कुछ बूथों पर लोगों की संख्या ठीक-ठाक दिखाई दी। कुछ जगह दो-तीन लोग आए और मतदान कर चले गए। जिला मुख्यालय पर पुलिस-प्रशासन ने हर बूथ पर पुख्ता व्यवस्था कर रखी थी। मोबाइल को लेकर लोगों की चुनाव कार्मिकों व पुलिस से कहासुनी होती रही।
दोपहर 12.20 बजे राजकीय समाज कल्याण कन्या छात्रावास अशोक नगर दो बूथ पर मतदान के लिए महिला-पुरुष वर्ग की लंबी लाइन लगी हुई है। यहां पर पुलिस की ज्यादा तैनाती की गई। यहां पर दोपहर को भी बूथ पर भीड़ रही और मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।
अग्रवाल धर्मशाला में 12.38 बजे दोपहर में अत्यधिक गर्मी थी लेकिन बूथ कवर होने की वजह से यहां पर छाया थी। लेकिन एक बूथ पर महिलाओं की लंबी लाइन लगी थी। कुछ युवतियां पहली बार मतदान करने आई थी। दूसरे बूथ पर अपेक्षाकृत कम भीड़ रही।
—————–

नाम को लेकर पंगा—सवा एक बजे इंदिरा वाटिका स्थित लॉयन्स क्लब बूथ पर मतदान को लेकर सुबह ज्यादा भीड़ रही लेकिन दोपहर में सामान्य मतदाता ही मतदान करने आ जा रहे थे। एक मतदाता के पास परिचय पत्र था और वोट के लिए पर्ची भी थी लेकिन उसकी मतदान कार्मिक से च्नामज् बोलने को लेकर कहासुनी हो गई। इस कारण वह मतदान नहीं कर पाया। उसने एसडीएम को इसकी शिकायत की। इस बीच एक महिला पुलिस कार्मिक सीमा मीडिया और एक मतदाता से उलझ गई।
—————
कैनाल बूथ पर शाम तक लगी रही भीड़–दोपहर डेढ़ बजे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नया चक (चहल चौक)पर मतदान को लेकर दोपहर में ज्यादा उत्साह नहीं था लेकिन यहां पर दो बूथों पर दोपहर तक 2110 वोट पोल हो चुके थे। यहां पर प्रगति अग्रवाल ने पहली बार मतदान किया। इस बीच राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय 37 कैनाल पर दोपहर और शाम को भी भीड़ लगी रही। यहां शाम सवा पांच बजे 1497 में 935 वोट पोल हो पाए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.