श्री गंगानगर

हमारे टाबर पढ़ेंगे ‘असमिया’ और ‘बागड़ी’ बोलेंगे असम के विद्यार्थी

एक भारत श्रेष्ठ भारत सरकारी स्कूलों में गठित होंगे ईबीएसबी क्लब..

श्री गंगानगरApr 29, 2021 / 11:14 am

Krishan chauhan

हमारे टाबर पढ़ेंगे ‘असमिया’ और ‘बागड़ी’ बोलेंगे असम के विद्यार्थी

एक भारत श्रेष्ठ भारत सरकारी स्कूलों में गठित होंगे ईबीएसबी क्लब..
हमारे टाबर पढ़ेंगे ‘असमिया’ और ‘बागड़ी’ बोलेंगे असम के विद्यार्थी
-कृष्ण चौहान
श्रीगंगानगर.मानव संसाधन विकास मंत्रालय की तरफ से शुरू किए गए एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत गंगानगर-हनुमानगढ़ सहित प्रदेश भर के विद्यार्थियों को असम राज्य की सभ्यता और संस्कृति से अवगत कराया जाएगा। राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि-असम को वीरों की भूमि-राजस्थान के साथ जोड़ा गया है। दोनों राज्य पर्यटन, खेल,खाद्य और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध हैं। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में बच्चों को असम की भाषा,कला,वेशभूषा,खानपान,इतिहास,रीति-रिवाज सहित सभी जानकारियों से अवगत कराने के लिए गतिविधियां आयोजित की जानी हैं। इसके विस्तृत निर्देश जारी कर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने सभी स्कूलों को पाबंद किया है।
-राज्य स्तरीय नोटबुक से होगा मूल्यांकन
बच्चों को असम के बारे में बताने के लिए शिक्षक एनसीइआरटी की पुस्तक इंडिया-यूनिटी इन कल्चरल डायवर्सिटी अथवा इंटरनेट से जानकारी हासिल कर विद्यार्थियों को एक राज्य परियोजना नोटबुक तैयार करवाएंगे। जिसमें महत्वपूर्ण तथ्यों, बुनियादी ज्ञान,आत्म परिचय,ऐतिहासिक स्थान,स्वदेशी खेल आदि के बारे में जानकारी संधारित की जाएगी। विद्यार्थी का मूल्यांकन भी इसी नोटबुक के आधार पर किया जाएगा।
-एसआइइआरटी जारी करेगा एकीकृत पंचांग
इस कार्यक्रम के लिए एसआइइआरटी एक शैक्षणिक पंचांग जारी करेगा। जिसमें विद्यालयों के दैनिक,मासिक व त्रैमासिक गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। एसआइइआरटी उदयपुर की ओर से दोनों राज्यों की वर्णमाला गीत कहावतों में शब्दों से विद्यार्थियों का परिचय कराने के लिए 100 वाक्य तैयार किए जाएंगे। साथ ही हर हफ्ते नाटक,रोल प्ले, प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय असम से जुड़ा डिस्प्ले लगेगा। माह में दो बार असम समाचार वाचन तथा एक बार असम से संबंधित प्रश्नोत्तरी होगी। सभी गतिविधियों के फोटो व वीडियो बनाकर जिला कार्यालय की इ-मेल पर भेजने होंगे।
-हर स्कूल में होगा इबीएसबी प्रभारी
इबीएसबी के लिए विद्यालय स्तर पर एक समिति गठित की जाएगी जिसमें स्कूल का संस्था प्रधान अध्यक्ष तथा उच्चतम कक्षा का कक्षाध्यापक, विज्ञान, हिंदी व सामान्य ज्ञान के विषयाध्यापक सदस्य होंगे इसके अलावा एसडीएमसी का एक सदस्य भी मनोनित किया जाएगा।समस्त गतिविधियों के संचालन के लिए स्कूल में एक अध्यापक को इबीएसबी प्रभारी नियुक्त किया जाएगा।
-मिलेगा असम यात्रा का अवसर
प्रदेश भर के चयनित 10 विद्यालयों के विद्यार्थियों का वार्तालाप अथवा संपर्क जोड़ी राज्य असम के 10 विद्यालयों के साथ करवाया जाएगा। जिससे असम व राजस्थान के विद्यार्थी एक दूजे के विचार आदि आपस में साझा करेंगे। विभिन्न गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह से पुरस्कृत किया जायेगा।
यें हैं प्रमुख युग्म राज्य
1. गुजरात – छत्तीसगढ़
2. मध्य प्रदेश – मणिपुर व नागालैंड
3. हिमाचल प्रदेश – केरल
4. पंजाब – आंध्र प्रदेश
5. हरियाणा – तेलंगाना
6. दिल्ली – सिक्किम
7. बिहार – त्रिपुरा व मिजोरम
एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत कक्षा-1 से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रतिभागी रहेंगे। जबकि इबीएसबी में की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए कक्षावार चार श्रेणियां निर्धारित है।”
-भूपेश शर्मा समन्वयक,विद्यार्थी परामर्श केंद्र,शिक्षा विभाग,श्रीगंगानगर
इबीएसबी के संबंध में सभी विद्यालयों को निर्देश भिजवा दिए गए हैं। कोविड-19 एडवाईजरी के अनुसार ही गतिविधियों का आयोजन ऑनलाइन या ऑफलाइन करवाया जाएगा।
-अमरजीत सिंह लहर,अति. जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक,श्रीगंगानगर

Home / Sri Ganganagar / हमारे टाबर पढ़ेंगे ‘असमिया’ और ‘बागड़ी’ बोलेंगे असम के विद्यार्थी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.