श्री गंगानगर

सरकार बनाने में हर एक वोट की भूमिका अहम, सशक्त राष्ट्र के लिए मतदान जरूरी

राजस्थान पत्रिका अभियान के तहत श्रीकरणपुर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में हुआ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने निकाली मतदाता जागरुकता रैली

श्री गंगानगरApr 05, 2024 / 07:55 pm

Ajay bhahdur

श्रीकरणपुर. पत्रिका अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में अनिवार्य मतदान का आह्वान करते महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के विद्यार्थी। -पत्रिका

श्रीकरणपुर. लोकतंत्र में एक-एक वोट की ताकत है और सरकार बनाने में हर वोट की भूमिका अहम है। मताधिकार का उपयोग कर अपनी पसंद के मुताबिक सही, योग्य व बेहतर प्रतिनिधियों का चयन किया जा सकता है। एसडीएम श्योराम ने यह बात शुक्रवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में राजस्थान पत्रिका के मतदाता जागरुकता अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में कही।
स्कूल में हुए कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता एसडीएम ने कहा कि प्रजातंत्र में मतदान सबसे सशक्त अधिकार है और मताधिकार का प्रयोग करके ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखी जा सकती है। एसडीएम ने कहा कि चुनाव के दिन अवकाश होगा। ऐसे में स्कूली बच्चे मतदान के लिए पंजीकृत हो चुके बड़े भाई-बहनों व माता-पिता को अनिवार्य मतदान के लिए अवश्य प्रेरित करने व शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्कूल के करीब पांच सौ विद्यार्थियों के साथ प्रधानाचार्य हरपाल सिंह, पीटीआइ सुरेंद्र बिश्नोई, शिक्षक नरेश जक्खू, सतीश परूथी, तरुण सिंगला, शैलेंद्र कौर, कमलजीत कौर व पूजा आदि भी शामिल हुए। इस अवसर पर बच्चों ने जागरुकता रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने बैनरों व पट्टियों के माध्यम से अनिवार्य मतदान का संदेश किया। कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों को अनिवार्य मतदान का संकल्प भी कराया गया।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर व्यक्ति का योगदान जरूरी

विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद, इओ पवन चौधरी, राउप्राविद्यालय तीन एफसी के प्रधानाध्यापक राजकुमार नागपाल व प्रधानाचार्य हरपाल सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने आगामी 19 अप्रेल को लोकसभा चुनाव की जानकारी दी और कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। यह तभी होगा जब हर मतदाता वोट देकर सही उम्मीदवार का चयन करेगा। उन्होंने बताया कि 19 अप्रेल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। वक्ताओं ने मतदाता जागरुकता के लिए शुरू किए पत्रिका अभियान की सराहना की। कार्यक्रम में पालिका उपाध्यक्ष अशोक गरुड़ा ने भी शिरकत की। पत्रिका प्रतिनिधि प्रवीण राजपाल ने मतदाता जागरुकता अभियान की जानकारी दी।
बालिकाओं ने सजाई रंगोली

पत्रिका के मतदाता जागरुकता अभियान अंतर्गत महात्मा गांधी स्कूल में बालिकाओं ने रंगोली भी सजाई। इसमें उन्होंने रंग-बिरंगी सजावट के माध्यम से अनिवार्य मतदान का संदेश दिया। एसडीएम सहित अन्य अतिथियों ने रंगोली का अवलोकन किया और इसकी सराहना की। कक्षा नौ की बालिकाओं भूमिका खत्री, रिशिका कंबोज, चंचल कंबोज, हरगुण कौर व खुशी कंबोज ने रंगोली सजाकर अनिवार्य मतदान का संदेश दिया।

Home / Sri Ganganagar / सरकार बनाने में हर एक वोट की भूमिका अहम, सशक्त राष्ट्र के लिए मतदान जरूरी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.