पुलिस के अनुसार शनिवार शाम को सादुलशहर व रायसिंहनगर इलाके के दो युवकों को किसी चोरी के मामले में पूछताछ के लिए थाने लगाया गया था। जहां रात करीब साढ़े आठ बजे वे दोनों बाथरूम में गए थे, जहां उन्होंने यूरिन पॉट में पड़ी फिनायल की गोलियां खा ली।
वापस आए तो कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मच गया। पुलिसकर्मियों की ओर से तत्काल दोनों आरोपियों को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। इनके खिलाफ खुदकुशी करने के प्रयास का भी मामला दर्ज किया जा सकता है।
वहीं इस मामले में राजकीय चिकित्सालय पहुंचे पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में ही गए। चिकित्साकर्मियों ने बताया कि सदर थाना पुलिस की ओर से विकास (22) पुत्र गंगाराम व विनोद (20) पुत्र मंगलाराम को भर्ती कराया गया है। जिन्होंने फिनायल की गोलियां खा ली थी। दोनों को अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिनका इलाज चल रहा है।
उधर, सदर थाना प्रभारी हनुमानाराम ने बताया कि थाने में किसी प्रकरण में दो वांटेड युवकों को लाया गया था, तो वे नशे में थे। दोनों नशा करने के आदी हैं। जिनकी थाने आने के कुछ देर बाद तबीयत खराब हो गई। जिनको तत्काल राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया गया है।