script

सीसीटीवी कैमरों की तारें काटकर प्राचार्य कक्ष के आगे लिख डाला ‘आई विल किल यू इन टेन डेज’

locationश्री गंगानगरPublished: Feb 12, 2019 08:14:20 pm

Submitted by:

jainarayan purohit

https://www.patrika.com/sri-ganga-nagar-news/

school

सीसीटीवी कैमरों की तारें काटकर प्राचार्य कक्ष के आगे लिख डाला ‘आई विल किल यू इन टेन डेज’

– शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय की घटना
-करीब पंद्रह दिन पहले निलंबित किए गए थे सात विद्यार्थी, घटना के इससे जुड़ा होने की आशंका

सूरतगढ़. मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से शहर की बडोपल रोड पर संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार रात अज्ञात जनों ने सीसीटीवी कैमरों को तोडऩे के बाद उनकी केबल के टुकड़े कर प्राचार्य के कक्ष के आगे ‘आई विल किल यू इन टेन डेज’ लिख डाला। वारदात को अंजाम देने वालों ने इसके साथ 27 जनवरी, 2019 तिथि का भी उल्लेख किया है। उल्लेखनीय है कि इसी तारीख को विद्यालय प्रबंधन ने कक्षा 10वीं के सात विद्यार्थियों को विद्यालय से निष्कासित किया था। ऐसे में प्राचार्य को मिली इस धमकी के विद्यार्थियों के निष्कासन मामले से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार सुबह घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन में दहशत फैल गई। आनन फानन में विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों की बैठक बुलाई और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से भी पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं लग सका।
उधर प्राचार्य की सूचना पर सिटी पुलिस भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
इस संबंध में जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह सवा छह बजे जब विद्यालय का इलेक्ट्रीशियन विद्यालय परिसर लगी लाइटें और स्ट्रीट लाइट बंद करने के लिए विद्यालय में दाखिल हुआ तो उसने प्राचार्य कक्ष के आगे क्षतिग्रस्त सीसीटीवी कैमरे देखे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की केबल काटकर सामने बने पार्क में अंग्रेजी में ‘आई विल किल यू इन टेन डेज’ लिखा देखा। इस पर उसने घटना की सूचना प्राचार्य को दी। इसके बाद प्राचार्य और स्टाफ सदस्य मौके पर पहुंचे।
प्राचार्य ने बताया कि अज्ञात लोगों ने रात साढ़े बारह बजे एक कक्षा कक्ष की क्षतिग्रस्त खिडक़ी से विद्यालय में प्रवेश किया। इसके बाद प्राचार्य कक्ष के आगे लगे सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर की केबल काट दी। इसके बाद इन लोगों ने लडक़े और लड़कियों के लिए बने शौचालयों के आगे लगे कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सीसीटीवी कैमरो की केबल काटने के बाद प्राचार्य कक्ष के आगे धमकी भरे अंदाज में दस दिन में जान से मारने का संदेश लिखा।
प्राचार्य ने बताया कि कैमरों की केबल काटकर धमकी लिखने वालों को विद्यालय के कैमरों के बारे में पूरी जानकारी थी। डीवीआर रात 12.38 के बाद काला हो गया। मेस में लगे वाई फाई कैमरे में कुछ तस्वीरे कैद हुई हैं लेकिन वे स्पष्ट नही हैं। घटना के बाद दहशत में आए विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत विद्यार्थियों के अभिभावकों को सूचना देकर विद्यालय बुलाया और बैठक की। इस संबंध में सिटी पुलिस ने मौका मुआयना कर प्राचार्य और स्टाफ के बयान दर्ज किए हैं।
27 जनवरी से है घटना का कनेक्शन
घटना के तार पिछले माह की सत्ताईस तारीख यानी 27 जनवरी से जुड़े हुए प्रतीत हो रहे हैं। इस दिन विद्यालय प्रबंधन ने रात के समय चारदीवारी फांदकर विद्यालय से गायब होने वाले कक्षा दसवीं के सात विद्यार्थियों को सस्पेंड किया था। विद्यालय प्रबंधन को घटना के पीछे इन्हीं लोगों का हाथ होने का संदेह है।
इस संबंध में प्रधानाचार्य गीता मिश्रा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देखकर इन सात विद्यार्थियों के घटनाक्रम में शामिल होने का अंदेशा जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। प्राचार्य ने प्रार्थना पत्र में बताया कि ये बच्चे अक्सर रात को विद्यालय के पीछे वाली दीवार फांद कर बाहर निकलते थे। गत माह 26 जनवरी को प्रिंसिपल ने इन लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया था इसके बाद प्राचार्य ने अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए 27 जनवरी को इन सातों बच्चों को निलंबित करते हुए घर भेज दिया था। संदेह है कि निलम्बित होने से आक्रोशित विद्यार्थियों ने सोमवार रात घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अनुशासन तोडऩे पर हुआ था निष्कासन

जवाहर नवोदय विद्यालय प्रशासन की ओर से 27 जनवरी को विद्यालय का अनुशासन तोडऩे के मामले में सात विद्यार्थियों को निष्कासित किया गया था। इनमें एक विद्यार्थी सूरतगढ़ तथा अन्य जिले के अलग-अलग स्थानों से हैं। प्राचार्य ने बताया कि बच्चे विद्यालय की दीवार फांदकर अद्र्धरात्रि को बाहर जाते थे। छब्बीस जनवरी को विद्यालय प्रशासन ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ा था। उस दौरान विद्यार्थियों ने रात को स्टेशन जाकर समोसे खाने का बहाना बनाया। बाद में गहन पूछताछ करने पर पता चला कि लंबे समय से विद्यार्थी विद्यालय से बाहर जा रहे थे।

ट्रेंडिंग वीडियो