हवाई अड्डे पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि लोग अक्सर उनसे पूछते थे कि देश के अच्छे दिन कैसे आएंगे। अब योग और उद्योग से आध्यात्मिकता और आर्थिक प्रगति साथ साथ होने से देश के अच्छे दिन आ रहे हैं। ऐसे ही योग और उद्योग के संगम से दुनिया के भी अच्छे दिन आएंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गाय तो राष्ट्रमाता है ही और इसे संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए गुजरात सरकार ने सराहनीय कार्य किया है और वह उम्मीद करते हैं कि पीएम नरेन्द्र मोदी राष्ट्र स्तर पर भी इस दिशा में जरूरी कदम उठाएंगे। बाबा रामदेव ने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन से भ्रष्टाचार को दूर करने और सदाचार फैलाने का रास्ता योग ही है।
उनका कहना कि जब योग राष्ट्र का स्वभाव बन जायेगा, तब भ्रष्टाचार और भ्रष्ट आचरण समाप्त हो जाएगा। बाद में योग गुरू रामदेव ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि गुजरात उनके योग की कर्मभूमि है। यहां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चार दिन का दुनिया का सबसे बडा आयोजन होगा जिसका उद्घाटन रूपाणी करेंगे और समापन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह करेंगे।