सुबह नौ बजे से धूप में तेजी थी। दोपहर में धूप चुभने लगी। बाजारों व सड़कों पर आवाजाही कम थी। लोग वाहनों पर गर्म हवा से बचने को दुपट्टा व साफी बांधे थे। इधर, गर्मी बढ़ने से लोगों ने कूलर और एसी की सार-संभाल शुरू कर दी। बाजार में कूलर की डिमांड बढ़ी है। व्यापारियों ने दुकानों के बाहर कूलर सजा दिए हैं।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार गर्मी आने वाले दिनों में और सताएगी। तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
गर्मी से लोगों की दिनचर्या बदल रही है। खाना-पान से लेकर पहनावे तक में बदलाव आ गया है। तेज धूप में बाहर निकलने वाले ठंडे पेय पदार्थों और गन्ने का रस, फल व ज्यूस पसंद कर रहे हैं। बाजार में मटकों की खरीद-फरोख्त शुरू हो चुकी है। मौसमी फलों की डिमांड भी बढ़ी है। सड़क किनारे तरबूज-खरबूज के ढेर देखे जा सकते हैं।
तारीख अधिकतम न्यूनतम
26 मार्च 32.9 18.5
27 मार्च 39.2 21
28 मार्च 39 21
(पारा डिग्री सेल्सियस में) बढ़ने लगी बाग-बगीचों में रौनक
इस बार मार्च में गर्मी के तेवर तीखे हो चले हैं। ऐसे मे घरों व कार्यालयों में कैद लोग सांझ ढलते ही शीतलता की चाह के लिए बाग-बगीचों की ओर निकल पड़ते हैं। शहर में शिवाजी पार्क एवं नेहरू उद्यान में रौनक बढ़ गई है। शिवाजी पार्क में बच्चों के साथ बड़े भी ट्राय ट्रेन का आनंद ले रहे हैं। लोग फव्वारा सर्किल पौंड में भी नौका विहार का लुत्फ उठा रहे है। पत्रिका