scriptहनुमानगढ़ जिले का बोर्ड परीक्षा का परिणाम सुधरा, मगर रैंकिंग में आई गिरावट | Patrika News
हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ जिले का बोर्ड परीक्षा का परिणाम सुधरा, मगर रैंकिंग में आई गिरावट

इस बार 50 जिलों के हिसाब से माशिबो, अजमेर ने जारी किया बोर्ड परीक्षा का परिणाम, जिले में कला संकाय में 3.16, कॉमर्स 2.53 तथा विज्ञान के परिणाम में 3.32 प्रतिशत की बढ़ोतरी, कला का 96.23, कॉमर्स का 99.42 तथा विज्ञान का परीक्षा परिणाम रहा 95.75 प्रतिशत

हनुमानगढ़May 21, 2024 / 03:43 pm

adrish khan

Hanumangarh district's board exam result improved, but ranking declined

Hanumangarh district’s board exam result improved, but ranking declined

हनुमानगढ़. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर ने कक्षा बारहवीं कला, कॉमर्स व विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम एक साथ ही जारी किया। तीनों ही संकाय में जिले का परीक्षा परिणाम गत वर्ष की तुलना में काफी अच्छा रहा है। हालांकि जिले की रैंकिंग में इस बार वाणिज्य संकाय को छोडकऱ शेष दोनों संकाय में गिरावट आई है। इसकी वजह यह है कि इस दफा नव गठित 50 जिलों के हिसाब से परीक्षा परिणाम जारी किया गया है।
गत वर्ष की तुलना में जिले के कला संकाय के परीक्षा परिणाम में 3.16, कॉमर्स में 2.53 तथा विज्ञान में 3.32 प्रतिशत का सुधार आया है। इस साल कला का 96.23, कॉमर्स का 99.42 तथा विज्ञान का परीक्षा परिणाम रहा 95.75 प्रतिशत रहा है। हर बार की तरह जिले से लेकर प्रदेश भर में लड़कियों का परिणाम लडक़ों से बेहतर रहा है। तीनों संकाय में लडक़ों व लड़कियों की संख्या की बात करें तो कला संकाय में राज्य व जिले में छात्रों की तुलना में छात्राएं अधिक रही। शेष दोनों संकाय में लडक़ों की संख्या अधिक रही। वहीं लड़कियों का परीक्षा परिणाम गुणवत्ता के मामले में भी लडक़ों से बेहतर रहा है मतलब कि ज्यादातर छात्राएं प्रथम श्रेणी से ही पास हुई हैं। थर्ड डिवीजन व सप्लीमेंट्री लड़कियों से ज्यादा लडक़ों की आई है।

कला संकाय में संख्या भी ज्यादा

जिले से कला संकाय की परीक्षा कुल 16444 विद्यार्थियों ने दी थी। इसमें 8761 छात्राएं तथा 7683 छात्र थे। जिले का ओवरऑल परिणाम 96.23 प्रतिशत रहा है। जबकि गत वर्ष यह 93.07 फीसदी रहा था। प्रदेश का परिणाम 96.88 प्रतिशत रहा है, बीते बरस यह 92.35 प्रतिशत रहा था। प्रदेश भर से 569575 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 272059 लडक़े तथा 297516 लड़कियां थी।

कॉमर्स में शत-प्रतिशत

जिले से कॉमर्स संकाय की परीक्षा में 172 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें लडक़े 114 व लड़कियां 58 थी। लड़कियों का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। जिले का ओवरऑल परिणाम 99.42 फीसदी रहा है। गत वर्ष परिणाम 96.89 प्रतिशत रहा था। प्रदेश का ओवरऑल परिणाम 98.95 रहा है। जबकि गत वर्ष 96.06 फीसदी रहा था। प्रदेश से 26418 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 17271 लडक़े व 9147 लड़कियां शामिल रही।

विज्ञान संकाय में अंतर अधिक

जिले से विज्ञान संकाय की परीक्षा छह हजार विद्यार्थियों ने दी थी। इसमें लडक़ेे 3812 व लड़कियां 2188 थी। जिले का परिणाम 95.75 रहा है। जबकि गत वर्ष यह 92.43 प्रतिशत रहा था। प्रदेश का परिणाम 97.73 प्रतिशत रहा है तथा बीते बरस यह 95.65 प्रतिशत रहा था। प्रदेश से 258071 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 165864 लडक़े व 92207 लड़कियां शामिल रही। लडक़ों व लड़कियों की संख्या में सर्वाधिक अंतर विज्ञान संकाय में ही रहा है।

फस्र्ट डिवीजन में आगे बेटियां

जिले से लेकर प्रदेश भर में लड़कियों का परीक्षा परिणाम तो लडक़ों से बेहतर रहा ही है। साथ ही प्रथम श्रेणी से पास होने वालों में भी छात्राएं अधिक रही। कला संकाय में जिले से 7086 लड़कियां व 4622 लडक़े प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। प्रदेश में 213223 लड़कियां एवं 154186 लडक़े फस्र्ट डिवीजन से पास हुए। जिले से विज्ञान संकाय में 2188 छात्राओं में से 2062 प्रथम श्रेणी से पास हुई। जबकि 3812 लडक़ों में से 3088 प्रथम श्रेणी से पास हुए। प्रदेश में 137458 लडक़े व 85014 लड़कियां प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुई। कॉमर्स में जिले से 114 लडक़ों में से 88 तथा 58 लड़कियों में से 51 प्रथम श्रेणी से पास हुई। प्रदेश में 12179 लडक़े व 7919 लड़कियां प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुई।

सप्लीमेंट्री व थर्ड डिवीजन में छोरे आगे

बेटियां ओवरऑल परिणाम प्रतिशत के साथ ही गुणवत्तापूर्ण परिणाम में भी लडक़ों से आगे रही हैं। प्रदेश में कला संकाय में 10077 लडक़े तथा 5962 लड़कियां थर्ड डिवीजन से पास हुई। जबकि 3742 लडक़े व 2493 लड़कियों सप्लीमेंट्री आई है। जिले में 78 लड़कियों व 239 लडक़ों के थर्ड डिवीजन आई है। राज्य में वाणिज्य संकाय में 392 लडक़ों व 57 लड़कियों के तृतीय श्रेणी आई है। वहीं 90 लडक़ों व 27 लड़कियों के सप्लीमेंट्री आई है। जिले में थर्ड डिवीजन से दो लडक़े पास हुए। जबकि किसी लडक़ी के थर्ड डिवीजन नहीं आई। प्रदेश में विज्ञान संकाय में 41 लडक़ों व 7 लड़कियों के थर्ड डिवीजन आई है। जबकि 740 छात्र व 302 छात्राओं के सप्लीमेंट्री आई है।

कुल परिणाम प्रतिशत रहा ज्यादा

इस बार भी लड़कियों का परीक्षा परिणाम प्रतिशत जिले तथा प्रदेश के ओवरऑल परिणाम से अधिक रहा है। विज्ञान संकाय का प्रदेश का ओवरऑल परिणाम 97.73 प्रतिशत रहा है। जबकि लड़कियों का परिणाम 98.90 फीसदी रहा है तथा लडक़ों का 97.08 प्रतिशत रहा है। जिले का ओवरऑल परिणाम 95.75 प्रतिशत रहा है। जबकि लड़कियों का परिणाम 98.77 प्रतिशत एवं लडक़ों का 94.02 प्रतिशत रहा है। कॉमर्स संकाय का प्रदेश का ओवरऑल परिणाम 98.95 प्रतिशत रहा है। जबकि लड़कियों का परिणाम 99.51 फीसदी रहा है तथा लडक़ों का 98.66 प्रतिशत रहा है। जिले का ओवरऑल परिणाम 99.42 प्रतिशत रहा है। जबकि लड़कियों का परिणाम शत प्रतिशत एवं लडक़ों का 99.12 प्रतिशत रहा है। कला संकाय का प्रदेश का ओवरऑल परिणाम 96.88 प्रतिशत रहा है। जबकि लड़कियों का परिणाम 97.86 फीसदी रहा है तथा लडक़ों का 95.80 प्रतिशत रहा है। जिले का ओवरऑल परिणाम 96.23 प्रतिशत रहा है। जबकि लड़कियों का परिणाम 97.83 प्रतिशत एवं लडक़ों का 94.40 प्रतिशत रहा है।

Hindi News/ Hanumangarh / हनुमानगढ़ जिले का बोर्ड परीक्षा का परिणाम सुधरा, मगर रैंकिंग में आई गिरावट

ट्रेंडिंग वीडियो