scriptउन्नाव रेप केस : विरोध में इस भाजपा नेत्री ने दिया इस्तीफा, कहा- न मैं सुरक्षित हूं और न देश की बेटियां | Actress Mallika rajput resigns from bjp against unnao rape case | Patrika News

उन्नाव रेप केस : विरोध में इस भाजपा नेत्री ने दिया इस्तीफा, कहा- न मैं सुरक्षित हूं और न देश की बेटियां

locationसुल्तानपुरPublished: Apr 16, 2018 05:17:42 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

भाजपा नेत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर लगाये गंभीर आरोप…

unnao rape case
सुलतानपुर. इस सरकार में न मैं सुरक्षित हूं और न ही महिलाएं। भाजपा सरकार में 5 साल से लेकर 55 साल तक की महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यहां लोगों को बोलने और अपनी बात कहने की आजादी नहीं है। मेरा इस पार्टी में दम घुट रहा है। इसलिए मैंने काफी सोच समझकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। यह कहना है भाजपा नेत्री व अभिनेत्री मल्लिका राजपूत का। उन्नाव रेप केस का जिक्र करते हुए मल्लिका ने कहा कि जब सत्ता के विधायक रेप के आरोपी बने तो सरकार ने बचाने के सारे इंतजाम किेये। मीडिया की सक्रियता और देश के गुस्से ने सरकार को कार्यवाही पर मजबूर कर दिया।
भाजपा नेत्री मल्लिका राजपूत ने कहा कि देश में सच को दबाया जा रहा है। सरकार जमीनी सच्चाई को जनता तक आने नहीं दे रही है, बल्कि उसे छिपाने के लिए समाज में जाति, अगड़े-पिछड़े व दलित दंगे करवा रही है। महिलाओं बच्चियां पर देश में हो रहे अत्याचार किसी से छिपे नहीं है। आज उन्नाव, कठुआ, सासाराम, कानपुर व अमेठी में बेटियां अत्याचार से चीख रही हैं।
रविवार को सीताकुंड स्थित आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में मल्लिका राजपूत ने कहा कि कहा बेटियों पर देश में हो रहीं घटनाओं से वह आहत हैं और पार्टी के विधायक की संलिप्तता ने शर्मसार किया है। वह पार्टी में असुरक्षा की भावना से इस्तीफा दे रही हैं। वह यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को जिन्होंने तम्बू में पहुंचा दिया है, वे रामजी अम्बेडकर के चाहने वालों का क्या हश्र कर रहे हैं, यह किसी से छुपा नहीं है।
स्मृति ईरानी पर तीखा तंज
मल्लिका राजपूत ने स्मृति इरानी पर तंज कसते हुए कहा कि यदि उन्हें चूड़िया कम पड़ रही हो तो वह और चूड़ियां भेजने को तैयार हैं। महिलाओं के अत्याचार पर स्मृति ईरानी का रवैया महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ है। सरकार को जलता बंगाल दिखता है पर दहकता बिहार नहीं। अम्बेडकर जी की जयंती पर कानपुर देहात व अमेठी की घटनाएं देश को शर्मसार तो करती ही हैं, साथ ही भाजपा के असली चेहरे को उजागर करने का भी कार्य कर रही है।
अभी दूसरे दल में जाने का विचार नहीं…
मल्लिका राजपूत ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से तो इस्तीफा दे दिया, लेकिन उन्होंने अभी किसी पार्टी का दामन थामने से इनकार किया है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि फ़िल्म इंडस्ट्री में सब कुछ ओपन है, उत्पीड़न जैसी कोई बात नहीं।
कौन हैं मल्लिका राजपूत
सुलतानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र की रहने वाली मल्लिका राजपूत ने ‘यारा तुझे… जैसे फेमस म्यूजिक अल्बम में काम किया है। इसके अलावा यह महाराष्ट्र में भाजपा यूथ विंग की सदस्य हैं। 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले खुद को भाजपा प्रत्याशी के तौर पर प्रचारित किया। इतना ही नहीं सुलतानपुर की सदर विधानसभा क्षेत्र में मल्लिका के तमाम बैनर-पोस्टर लगवाये थे, जिसमें वह खुद को भाजपा प्रत्याशी बता रही थीं। उस वक्त इनका कहना था कि भाजपा इन्हें टिकट देने जा रही है। तब इन्होंने खुद इस तरह से प्रचारित किया था कि भाजपा इन्हें टिकट देने जा रही है।
unnao rape case
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो