भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिहाड़ी मजदूरों के लिए घोषित किए गए राहत पैकेज के बारे में भी जनता को अवगत करवाया जाए। इसमें प्रदेश के 1.65 करोड़ श्रमिकों को निशुल्क राशन, 35 लाख मजदूरों को प्रतिमाह 1000 रुपए भरण-पोषण भत्ता दिया जा रहा है। मनरेगा मजदूरों के पैकेज की भी जानकारी दें। इसके अलावा लॉकडाउन के दौरान अन्य राज्यों में कार्य करने वाले उत्तर प्रदेश के जो नागरिक वापस अपने मूल जनपदों में आ रहे हैं, उनके बारे में स्थानीय जिला प्रशासन और सीएम हेल्प लाइन पर जानकारी मुहैया करवाएं, जिससे उनकी निगरानी हो सके।
मुख्यमंत्री की अपील के बाद भाजपा कार्यकर्ता कोरोना वायरस को हराने के मिशन में जुट गए हैं। सुलतानपुर में भाजपा बूथ अध्यक्षों ने अपने गांव और मोहल्ले में 10 परिवारों से संपर्क कर एक-एक घर से एक-एक भोजन पैकेट तैयार कराकर 10 जरूरतमंद गरीबों में वितरित किया। बस स्टेशनों पर भी राहत पैकेज बांटे गये। इस दौरान लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। सुलतानपुर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दिहाड़ी मजदूरों के लिए घोषित किए गए राहत पैकेज के बारे में भी हमारे कार्यकता एवं पार्टी पदाधिकारी जनता को अवगत करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के 1.65 करोड़ श्रमिकों को एक माह का निशुल्क राशन, 35 लाख मजदूरों को प्रतिमाह 1000 रुपए भरण-पोषण भत्ता दिया जा रहा है।