scriptइस जिले की 11 ग्राम पंचायतें हो जाएंगी गुम | Sultanpur 11 gram panchayats Finish Lambhua UP Panchayat Election | Patrika News

इस जिले की 11 ग्राम पंचायतें हो जाएंगी गुम

locationसुल्तानपुरPublished: Sep 18, 2020 10:57:53 am

Submitted by:

Mahendra Pratap

पंचायत मतदाता सूची पुनरीक्षण अधिसूचना में राज्य निर्वाचन आयोग ने किसी ग्राम पंचायत का आंशिक हिस्सा दूसरी ग्राम पंचायत में व नगर निकाय में शामिल होने पर उसे विलोपित करने का आदेश जारी किया है।

इस जिले की 11 ग्राम पंचायतें हो जाएंगी गुम

इस जिले की 11 ग्राम पंचायतें हो जाएंगी गुम

सुलतानपुर. जिले की लम्भुआ तहसील को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार जिले में 11 ग्राम पंचायतों की संख्या घट सकती है। इसके पीछे इन ग्राम पंचायतों का नगर पंचायत में शामिल होना बताया जा रहा है। लंभुआ तहसील मुख्यालय पर स्वीकृत नगर पंचायत में ये गांव शामिल कर लिए गए हैं। 11 ग्राम पंचायत के नगर पंचायत में शामिल होने से जिले में इस बार के चुनाव में 975 गांव ही रह जाएंगे। फिलहाल अभी निर्वाचन कार्यालय को पंचायतराज विभाग के आदेश का इंतजार है।
पंचायत मतदाता सूची पुनरीक्षण अधिसूचना में राज्य निर्वाचन आयोग ने किसी ग्राम पंचायत का आंशिक हिस्सा दूसरी ग्राम पंचायत में व नगर निकाय में शामिल होने पर उसे विलोपित करने का आदेश जारी किया है। इसके प्रक्रिया को आयोग से जारी आदेश में 15 से 30 सितंबर तक पूरा किया जाना है। 15 से 30 सितंबर तक चलने वाली विलोपन की कार्यवाही को देखते हुए इस बार जिले की 11 ग्राम पंचायतों के अस्तित्व विहीन होने की संभावना प्रबल हो गई है। लंभुआ तहसील क्षेत्र की तहसील मुख्यालय से सटी ये ग्राम पंचायतें तहसील मुख्यालय पर स्वीकृत नगर पंचायत में शामिल कर ली गई हैं।
अंतिम अधिसूचना जारी :- इन ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत में शामिल करने के लिए नगर विकास विभाग के प्रस्ताव पर शासन से अंतिम अधिसूचना भी जारी हो गई है। राज्यपाल की स्वीकृति से जारी अधिसूचना को नगर विकास विभाग ने बुधवार को ही निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दिया। अंतिम अधिसूचना निर्वाचन कार्यालय पहुंच जाने से इस बार पुनरीक्षण में 11 ग्राम पंचायतों के घट जाने की संभावना प्रबल हो गई है। 11 ग्राम पंचायतों के नगर पंचायत लंभुआ में शामिल हो जाने पर जिले में 975 ग्राम पंचायत ही रह जाएंगी। इसकी वजह से ग्राम पंचायत का चुनाव 975 ग्राम पंचायतों में ही कराया जा सकेगा।
इन का छिनेगा ग्राम पंचायत का दर्जा :- नगर विकास विभाग की ओर से स्वीकृत लंभुआ नगर पंचायत में 11 ग्राम पंचायत शामिल किए गए हैं। इसमें सेमरीराजापुर, पठखौली, देवरी वीरापुर, शाहपुर पूरन, डोमनेपुर, घाटमपुर दक्षिणी, लंभुआ, परसुरामपुर, वेदूपारा, डकोही व जगन्नाथपुर शामिल किया गया है । सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि नगर निकाय में शामिल लंभुआ तहसील की 11 ग्राम पंचायतों को पुनरीक्षण के दौरान विलोपित करने के लिए पंचायतराज के आदेश का इंतजार है। पंचायतराज विभाग से आदेश मिलने पर ग्राम पंचायतें विलोपित की जाएंगी।
जिले की लम्भुआ तहसील :- लम्भुआ सुल्तानपुर जिले की एक तहसील है। यह तहसील एक सघन बसा हुआ परिक्षेत्र है। इस तहसील के अन्तर्गत तीन विकास खण्ड हैं-लम्भुआ, प्रतापपुर कमैचा तथा भदैंया। वर्ष 2011 में हुई भारत की जनगणना के अनुसार इस तहसील में 457 गांव हैं। लम्भुआ परिक्षेत्र वैसे तो औसत विकास वाली तहसीलों मे गिना जाता है लेकिन वर्तमान समय मे यह तेजी से विकास कर रहा है। लम्भुआ तहसील को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-56 दो भागों मे बांटता है। यह राजमार्ग इस क्षेत्र को देश और प्रदेश के अन्य भागों से जोड़ता है। लम्भुआ तहसील मुख्यालय भारतीय रेल से भी जुड़ा हुआ है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो