scriptBreaking News : भाजपा नेत्री सरोज पांडेय की चुनावी सभा में आंधी-तूफान का कहर, जान बचाकर भागे नेता, पंडाल गिरने से कई घायल | Lok Sabha CG 2019 : Storm havoc in BJP leader Saroj Pandey assembly | Patrika News

Breaking News : भाजपा नेत्री सरोज पांडेय की चुनावी सभा में आंधी-तूफान का कहर, जान बचाकर भागे नेता, पंडाल गिरने से कई घायल

locationसुरजपुरPublished: Apr 18, 2019 09:36:36 pm

मौसम का बिगड़ता मिजाज देख जिले की सीमा में पहुंचने के बाद पायलट ने नहीं उतारा सरोज पांडेय का हेलीकॉप्टर, लौट गईं रायपुर, सभा में लगी कुर्सियां बिखरीं

Fall pandal

BJP election assembly

सूरजपुर. जिले के देवनगर में आयोजित भाजपा के चुनावी सभा में आंधी-तूफान ने न केवल पानी फेर दिया, बल्कि तूफान ने क्षेत्र में बड़ी तबाही भी मचाई है। सभा स्थल में तो कई लोग बाल-बाल बच भी गए, जबकि पण्डाल, कुर्सी आदि ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। मंच का पंडाल गिरने से कई लोग घायल हो गए।
रामानुजनगर ब्लॉक के ग्राम देवनगर में बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा के बाद गुरुवार को भाजपा ने भी यहां चुनावी सभा का आयोजन किया था। इसमें पहले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के आने की बात कही गई थी लेकिन बाद में उनकी जगह पर चुनावी सभा को संबोधित करने भाजपा नेत्री सरोज पाण्डेय को आना था।

सूत्र बताते हैं कि भाजपा नेत्री सरोज पाण्डेय का चॉपर सूरजपुर जिले की सीमा तक आया था लेकिन आसमान में लो-प्रेशर बनने के कारण पायलट ने रिस्क नहीं लिया और वापस रायपुर लौट गए।
इधर चुनावी सभा का रंग जम चुका था। काफी उहापोह के बाद स्थानीय नेताओं को इसकी जानकारी दी गई लेकिन स्थानीय नेता जुटी भीड़ को किसी तरह संबोधित कर बांधे रखे हुए थे। इसी बीच अचानक दोपहर करीब 3 बजे मौसम का मिजाज बिगड़ा और देखते ही देखते आंधी-तूफान ने कहर बरपाना शुरू कर दिया।
Storm hovac
आंधी तूफान का जोर कुछ इस कदर था कि सभा स्थल में भगदड़ मच गई और जो जिधर पाया उधर भागने लगा। इधर मंच में मौजूद नेता भी जान बचाकर भागे। इस बीच मंच पूरी तरह ताश की पत्तों की तरह ढह गया।
प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि मंच व सामने लगे पण्डाल के गिरने से उसके नीचे कुछ लोग फंस गए, जिन्हें किसी तरह बड़ी मुश्किल से निकाला गया। हांलाकि इस बीच खबर है कि कुछ लोग चोटिल भी हुए हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा है। तूफान के बाद करीब आधे घंटे तक बारिश हुई, इससे पूरा स्कूल मैदान पानी से भर गया।
बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान के बीच भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रितेश गुप्ता, महामंत्री दीपक गुप्ता, विजय राजवाड़े सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बगैर पंडाल के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया।

पुलिस भी नौ दो ग्यारह
इधर सभा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिन्हें सरोज पाण्डेय के नहीं आने की खबर मिली तो उन्होंने ने भी अपनी रवानगी ले ली। जबकि सभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
इसकी चिंता पुलिस ने नहीं की और जब आंधी-तूफान आया और उनके मदद की दरकार लोगों को हुई तो पुलिस का एक भी बंदा नजर नहीं आया। इसे लेकर भाजपा नेता आक्रोशित होते रहे।

नहीं पहुंची नेत्री तो खुद पहन ली माला
भाजपा नेत्री के स्वागत के लिए भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विशाल माला तैयार कराया था और जब वे नहीं पहुंची तो खुद माला पहन कर संतोष जताया और माला का सदुपयोग किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो