जबलपुर निवासी 35 वर्षीय सुभाष सतनामी हाईस्कूल पंपापुर में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। वे गांधीनगर में किराए के मकान में रहकर बाइक से स्कूल आना-जाना करते थे। मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वे बाइक से वापस अंबिकापुर जा रहे थे।
रास्ते में महान नदी के रपटा पर तेज रफ्तार में शक्कर कारखाना जा रहा गन्ना लोड ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, इसके ठीक बगल से गुजर रहे बाइक सवार शिक्षक चपेट में आने से बुरी तरह दब गए। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर भारी भीड़ लग गई।
दो जेसीबी व स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गंभीर रूप से जख्मी शिक्षक को बाहर निकालकर निजी वाहन से अंबिकापुर अस्पताल भेजा गया। यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
महान नदी के रपटा पर आए दिन वाहन पलटने की घटना होती है। रपटा के मरम्मत के लिए पूर्व सरकार के कार्यकाल में सेतु निगम को ३५ लाख रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन मरम्मत के नाम पर काम कुछ भी नहीं किया गया। नाली का निर्माण भी नहीं कराया गया है। अभी डस्ट से बचाव के लिए पानी डाला जाता है तो फिसलन की स्थिति निर्मित हो जाती है।
वहीं गत वर्षों में गन्ना खरीदी के समय एसइसीएल व कारखाना प्रबंधन द्वारा सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते थे, लेकिन इस वर्ष यह व्यवस्था नहीं की गई है। इसकी वजह से ये मार्ग पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। गन्ना लोड वाहन बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे हैं, इससे हर पल बड़े हादसे का भय बना हुआ है।
इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है, उनका कहना है कि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन करेंगे। लोगों ने सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय से भी व्यवस्था सुधारने की गुहार लगाई है।