सूरत में कोरोना से 10 मौत, 819 नये पॉजिटिव, 666 हुए स्वस्थ
- किडनी-हार्ट अस्पताल में कोरोना मरीजों को भर्ती शुरू...
- शहर और ग्रामीण में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 70 हजार पार, अब तक 1220 मौत

सूरत.
कोरोना मरीजों की संख्या बढऩे के बाद न्यू सिविल अस्पताल के किडनी-हार्ट अस्पताल में स्टेबल मरीजों को भर्ती करना शुरू किया गया है। कलेक्टर डॉ. धवल पटेल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। शहर और जिले में बुधवार को कोरोना वायरस से 10 जनों की मौत हो गई और नए 819 मरीज मिले हैं। इसमें शहर के नए 621 और जिले के 198 शामिल हैं। वहीं, कुल 666 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई हैं। अब सूरत जिले में पॉजिटिव की संख्या 70,283 हो गई हैं। इसमें 1220 की मौत हो चुकी हैं।
सूरत जिले में रोजाना कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ते हुए अब 800 को पार कर गई है। दूसरी तरफ, स्वास्थ्य सचिव जयंती रवि के मंगलवार को दौरे के बाद बुधवार से किडनी-हार्ट अस्पताल कोरोना मरीजों के लिए खोल दिया गया है। ऑक्सीजन सप्लाई का कार्य दो दिन में पूरा होने की संभावना जताई गई है। तब तक स्टेबल कोरोना मरीजों को यहां भर्ती किया जा रहा है। वहीं न्यू सिविल की पूरानी बिल्डिंग में भी 70 प्रतिशत कोरोना मरीज भर्ती हो चुके हैं।
970 की हालत गंभीर
हाल में सूरत जिले के 3145 कोरोना मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। न्यू सिविल और स्मीमेर अस्पताल में 1451 कोरोना पॉजिटिव भर्ती हैं। इसमें 970 मरीज की हालत गंभीर बताई गई है। ऑक्सीजन पर 747, बाइपेप पर 191 और वेंटिलेटर पर 32 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं।
15 निजी अस्पतालों को 200 रेमडेसिविर इंजेक्शन
राज्य सरकार ने 1000 रेमडेसिविर इंजेक्शन न्यू सिविल अस्पताल को उपलब्ध करवाए हैं। पिछले चार दिनों से कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या 80 से 200 को पार कर गई है। बुधवार को न्यू सिविल अस्पताल के ओपीडी में 1088 मरीज पहुंचे थे। इसमें 212 गंभीर मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
शहर में कोरोना मरीजों की संख्या बढऩे के बाद रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी हो रही थी। लेकिन अब राज्य स्वास्थ्य विभाग ने शहर में रेमडेसिविर इंजेक्शन का स्टॉक उपलब्ध करवा दिया है। पिछले कुछ दिनों से शहर के मेडिकल स्टोरों पर रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिलने से कोरोना मरीजों के परिजन परेशान हो रहे थे। निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को इंजेक्शन न्यू सिविल और स्मीमेर अस्पताल से उपलब्ध करवाए जा रहे है। इसमें डॉक्टर को जिला कलेक्टर को मेल करके मरीज की जानकारी देकर इंजेक्शन की मांग करनी होगी। उसका एप्रुवल मिलने के बाद न्यू सिविल या स्मीमेर अस्पताल से इंजेक्शन मिलेंगे। न्यू सिविल अस्पताल से बुधवार को 15 अस्पतालों को करीब 200 रेमडेसिविर इंजेक्शन दिए गए है।
शहर में कोरोना मरीजों की स्थिति
जोन /पॉजिटिव
सेंट्रल -75
वराछा-ए -68
वराछा-बी -56
रांदेर -99
कतारगाम -82
लिम्बायत -66
उधना -65
अठवा -110
कुल -621
अब पाइए अपने शहर ( Surat News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज