scriptSurat/ एक विवाह ऐसा भी: मूकबधिर जोड़े की पुलिस ने करवाई शादी | A wedding like this: Deaf couple married by police | Patrika News

Surat/ एक विवाह ऐसा भी: मूकबधिर जोड़े की पुलिस ने करवाई शादी

locationसूरतPublished: Dec 03, 2022 08:21:45 pm

पुलिस निरीक्षक ने कन्यादान कर बेटी की तरह किया विदा, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से नहीं कर पा रहे थे शादी, शी टीम से संपर्क करने के बाद पुलिस ने शादी करवाने का किया निर्णय

Surat/ एक विवाह ऐसा भी: मूकबधिर जोड़े की पुलिस ने करवाई शादी

Surat/ एक विवाह ऐसा भी: मूकबधिर जोड़े की पुलिस ने करवाई शादी

सूरत. खाखी वर्दी के पीछे भी मानवता छीपी होती है। इस बात का उदाहरण शनिवार को सूरत में तब देखने मिला जब आर्थिक तंगी के कारण शादी का सपना पूरा नहीं कर पा रहे एक मूकबधिर जोडे की रांदेर पुलिस ने शादी करवाई। शादी में खुद पुलिस निरीक्षक अतुल सोनारा ने कन्यादान की रस्म निभाई और बेटी की तरह युवती को विदा किया।

पालनपुर पाटिया क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय युवती सुमन विसावेद और पांडेसरा क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय युवक चिराग पटेल दोनों ही सुन और बोल नहीं सकते। मूकबधिर बच्चों की स्कूल में उनकी पहली मुलाकात हुई और दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे। प्यार परवाना चढऩे के बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय किया। उनके परिजन भी इसके लिए तैयार हो गए, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने से शादी नहीं हो पा रही थी। युवती ने पुलिस की शी टीम का संपर्क किया और अपनी कहानी बताई। शी टीम ने रांदेर पुलिस थाने के निरीक्षक अतुल सोनारा को सारी हकीकत बताई। दोनों की प्रेम कहानी सुनने और मरते दम तक साथ रहने की उनकी ईच्छा पूरी करने का पुलिस निरीक्षक ने निर्णय किया। शनिवार को रांदेर पुलिस ने मिलकर दोनों परिवारों के 150 से अधिक मेहमानों की उपस्थिति में तापी नदी किनारे भवानी शंकर महादेव मंदिर परिसर में विवाह समारोह का आयोजन किया। सुमन और चिराग अपना सपना पूरा होने से खुश थे। उन्होंने रांदेर पुलिस निरीक्षक और स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

चुनाव के कारण मुहूर्त बाद में निकाला


पुलिस निरीक्षक अतुल सोनारा ने बताया कि चुनाव से पहले ही सुमन ने शी टीम के जरिए उनका संपर्क किया था। दोनों की शादी कराने का निर्णय किया, लेकिन इस बीच मतदान की भागदौड़ शुरू हो गई, जिससे मतदान पूर्ण होने के बाद ही मुहूर्त निकालकर शादी करवाने का तय किया था और शनिवार को शादी समारोह का आयोजन किया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो