scriptAAP लोगों से बेहतर जिंदगी का वादा | aap Promise of a better life to people | Patrika News

AAP लोगों से बेहतर जिंदगी का वादा

locationसूरतPublished: Feb 14, 2021 04:53:44 pm

आम आदमी पार्टी ने रोड शो में दिखाया दम, भाजपा के कामकाज पर उठाए सवाल

AAP लोगों से बेहतर जिंदगी का वादा

AAP लोगों से बेहतर जिंदगी का वादा

सूरत. आम आदमी पार्टी ने रविवार को रोड शो कर निकाय चुनावों में अपना दमखम दिखाया। संजय सिंह के बाद मनीष सिसौदिया के रोड शो को भी जबरदस्त समर्थन मिला। रोड शो के दौरान सिसौदिया ने लोगों से बदलाव के लिए वोट मांगा और भाजपा शासन के कामकाज पर सवाल खड़े किए।
दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने रविवार को दो रोड शो किए। पहला रोड शो सुबह करीब 11 बजे सरथाणा जकातनाका से शुरू हुआ। सीमाणा नाका, योगी चौक, कारगिल चौक, नंदनवन चौक, सरदार चौक, धरमनगर रोड होते हुए हीरा बाग पर संपन्न हुआ। दूसरा रोड शो दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गजेरा स्कूल से शुरू हुआ। ललिता चौकड़ी, कतारगाम दरवाजा, वेड दरवाजा, चीकूवाडी, वाडीनाथ रोड, डभोली चार रास्ता, बापा सीताराम चौक, ललिता चौकड़ी होते हुए यह रोड शो आंबा तलावडी पर संपन्न हुआ। दोनों रोड शो में लोगों का जबरदस्त हुजूम उमड़ा। जानकारों के मुताबिक यह समर्थन मतों में बदलता है तो भाजपा के लिए आम आदमी पार्टी कड़ी चुनौती पेश करने जा रही है।
रोड शो के दौरान सिसौदिया ने लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने भाजपा पर तीखे हमले किए। राज्य और निकायों में भाजपा के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो सहूलियतें लोगों तक पहुंचनी चाहिए थी, उसमें भाजपा विफल रही है। हमने महज छह साल में दिल्ली के लोगों की जिंदगी आसान कर दी है, जबकि गुजरात में भाजपा तीन दशक से निकायों और सरकार पर काबिज है। लोगों को बेहतर जिंदगी देने के लिए यह पर्याप्त समय है। उन्होंने दावा किया कि यदि आम आदमी पार्टी निकायों में सत्ता में आती है तो लोगों को बेहतर सहूलियतें मिलेंगी।
परिणाम बताएंगे किसकी जाएगी जमानत

रोड शो में जुटी भीड़ से उत्साहित सिसौदिया ने मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने बीते दिनों दावा किया था कि विपक्ष की जमानत जब्त होगी। हीराबाग पर रोड शो संपन्न होने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए सिसौदिया ने कहा कि रोड शो में आए लोगों का समूह बदलाव का संकेत है। अब तो परिणाम ही बताएंगे कि चुनाव में किसकी जमानत जाएगी और किसकी बचेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो