scriptभ्रष्टाचार की बात पर भाजपा सभासदों का हंगामा  | bjp councilor make agitation on curreption issue | Patrika News

भ्रष्टाचार की बात पर भाजपा सभासदों का हंगामा 

locationसूरतPublished: Apr 29, 2015 10:38:00 pm

विपक्षी पार्षद के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते ही भाजपा सदस्यों ने हंगामा
मचा दिया।  हंगामे के बाद एजेंडे के सभी 129 कार्यों को
बहुमत से पारित किया गया। विपक्षी पार्षद एजेन्डा फाड़कर सभागृह से बाहर
निकल गए।

councilors agitation

councilors agitation

नवसारी. नवसारी नगरपालिका की बुधवार शाम हुई आमसभा में लाखों के काम अवैध रूप से प्रमुख की मंजूरी से होने के मामले में विपक्षी पार्षद के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते ही भाजपा सदस्यों ने हंगामा मचा दिया। भाजपा पार्षदों ने उनसे माफी मांगने को कहा। वहीं विपक्षी पार्षद अपनी बात पर अड़े रहे। हंगामे के बाद एजेंडे के सभी 129 कार्यों को बहुमत से पारित किया गया। विपक्षी पार्षद एजेन्डा फाड़कर सभागृह से बाहर निकल गए।
 उपाध्यक्ष हिम्मत पटेल की अध्यक्षता में हुई आमसभा में कुल 129 कार्यों पर चर्चा शुरू की गई। शुरुआत में विपक्ष ने शहर में अंग्रेजी प्राथमिक शाला, राशन कार्ड, अंबेडकर भवन की पुरानी मांगों पर चर्चा की। वहीं पालिका के तरणकुंड में एडहॉक लाइफ गार्ड रखने के काम पर विपक्षी नेता विपिन राठौड़ ने कहा कि पालिका में महेकम समिति होने के बावजूद पालिका के कर्मचारियों की नियुक्ति समिति के द्वारा नहीं होती। कर्मचारियों की नियुक्ति समिति से नहीं करनी हो, तो उसे रद्द कर दें। शहरी विकास योजना के 7.75 करोड़ रुपए के अनुदान पर विपक्ष के सवाल पर शासक पक्ष ने अनुदान विकास कार्यो में उपयोग करने की बात रखी। विपक्षी पार्षद इकबाल उस्मानी ने शहर के थाणा तालाब में 60 लाख का खर्च करने के बाद भी उसमें गंदगी रहने और उसे बिना टेण्डर के मत्स्योद्योग के लिए एक व्यक्ति को देने पर विरोध जताया। इसके बाद शहर विकास के लाखों रुपए के ज्यादातर कार्य प्रमुख की मंजूरी से होने पर उसमें भ्रष्टाचार की बू आने की बात करने पर भाजपा सदस्यों ने विरोध करते हुए उनसे माफी मांगने को कहा, लेकिन इकबाल उस्मानी अपनी बात पर अड़े रहे। इस पर भाजपा सदस्यों ने सभा में हंगामा कर दिया। बाद में पक्ष के सदस्यों ने बहुमत से एजेंडे के सभी 129 कार्यों को मंजूरी दे दी। इस पर उस्मानी ने एजेंडा फाड़कर हवा में उड़ा दिया और नारेबाजी की। बात बढऩे पर विपक्षी पार्षद विपिन राठौड़ और शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बारोट ने स्थिति को शांत कराया।

प्रमुख का अपमान निंदनीय
विपक्षी पार्षद इकबाल उस्मानी कुछ भी बोल देते हैं। प्रमुख का अपमान निंदनीय है। इसके लिए सभा को बीच में रोकना पड़ा। हालांकि विपक्षी नेता ने उनके बर्ताव पर माफी मांगी है।
हिम्मत पटेल, उपाध्यक्ष, नवसारी नगर पालिका

इसलिए किया हंगामा
शासक पक्ष ने पिछले पांच वर्षों में लाखों रुपए के कई कार्य प्रमुख की मंजूरी से किए हैं। पालिका एक्ट के तहत प्रमुख को सिर्फ 5 हजार रुपए के कार्य को ही मंजूरी देने का हक है। हम उन्हें लाखों के कार्यों पर घेरने वाले थे। इसलिए सामान्य बात को मुद्दा बनाकर हंगामा किया और सभा छोड़ कर चले गए।
विपिन राठौड़, विपक्षी नेता, नवसारी नगर पालिका

भ्रष्टाचार की आशंका थी
पिछले पांच वर्षों में लाखों के कार्य अवैध रूप से पालिका प्रमुख की मंजूरी से किए गए हैं। वार्ड संख्या 14 में पालिका के बरसाती कांस पूरने का काम 22 लाख रुपए में प्रमुख की मंजूरी से ठेकेदार पीसी स्नेहल को दिया गया था, लेकिन वह काम अधूरा छोड़कर भाग गया। आरटीआई. करने पर उसका जवाब नहीं दिया और काम 6 लाख रुपए में पूरा बताया। हम विरोध नहीं करते तो 16 लाख रुपए का भ्रष्टाचार होने की आशंका थी। ऐसा तो कई कार्यों में हुआ है।
इकबाल उस्मानी, विपक्षी सदस्य, नवसारी नगर पालिका
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो