script

BJP NEWS: झांझमेरा ने तैयार की भाजपा महानगर की टीम

locationसूरतPublished: Nov 26, 2020 06:10:45 pm

Submitted by:

Dinesh Bhardwaj

किशोर बिंदल की महामंत्री पद पर वापसी, टीम में ज्यादातर चेहरे नए, नई टीम में सात उपाध्यक्ष व तीन महामंत्री, आठ मंत्री व एक कोषाध्यक्ष पद के पदाधिकारी शामिल

BJP NEWS: झांझमेरा ने तैयार की भाजपा महानगर की टीम

BJP NEWS: झांझमेरा ने तैयार की भाजपा महानगर की टीम

सूरत. गत ढाई दशक से सूरत की सत्ता के केंद्र में बैठी भाजपा महानगर इकाई की नई टीम नवनियुक्त अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा ने गुरुवार को घोषित कर दी है। भाजपा सूरत महानगर इकाई की 20 सदस्यीय टीम में अधिकांश चेहरे नए हैं वहीं, प्रवासी राजस्थानी किशोर बिंदल अकेले शख्स है जिन्हें फिर से महामंत्री पद की जिम्मेदारी निभाने का अवसर सौंपा गया है।
पिछले वर्ष से ही भाजपा का संगठन पर्व चल रहा था और सूरत महानगर इकाई का गठन दिसम्बर अंत तक हो जाना तय था, लेकिन उस दौरान राज्यसभा चुनाव आ जाने व बाद में कोरोना महामारी के आगमन से महानगर इकाई की नई टीम का गठन लगातार टलता रहा। इसके बाद जुलाई में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सीआर पाटिल ने कमान संभाली और धीरे-धीरे पार्टी संगठन की गतिविधियों में तेजी आई। इसके बाद हाल ही में 9 नवम्बर को संगठन ने सूरत महानगर इकाई के नए अध्यक्ष के रूप में पूर्व महापौर निरंजन झांझमेरा की नियुक्ति की गई थी। इसी दौरान भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारी के रूप में राजस्थान से राज्यसभा सांसद भुपेंद्र यादव व सहप्रभारी के तौर पर मध्यप्रदेश में मंदसौर लोकसभा के सांसद सुधीर गुप्ता की नियुक्ति की थी। इन सबके बीच निरंजन झांझमेरा ने अपनी नई टीम का गठन कर उस पर प्रदेश संगठन की मुहर गुरुवार को लगवा दी है। भाजपा सूरत महानगर इकाई की नई टीम में सात उपाध्यक्ष व तीन महामंत्री, आठ मंत्री व एक कोषाध्यक्ष पद के पदाधिकारी शामिल किए गए हैं। इनमें से महामंत्री पद पर पूर्व अध्यक्ष नितिन ठाकर की टीम में जिम्मेदारी संभाल चुके किशोर बिंदल को फिर से मौका दिया गया है।
-इन्हें मिला यह पद

भाजपा महानगर इकाई अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा की नई टीम में उपाध्यक्ष पद पर मनपा स्थाई समिति अध्यक्ष पद संभाल चुके व रणजीत चिमना के अलावा पंकज देसाई, लक्ष्मण कोराट, हेमेंद्र बोरसल्लीवाला, मनु पटेल, तेजल कापडिय़ा व भावना पटेल शामिल है। वहीं, महामंत्री पद पर किशोर बिंदल की पुनर्वापसी के अलावा महानगर इकाई के अध्यक्ष पद की रेस में शामिल रहे मनपा स्थाई समिति के पूर्व अध्यक्ष मुकेश दलाल को महामंत्री बनने का मौका मिला है। तीसरे महामंत्री के रूप में चुने गए ललित वेकरिया पूर्णेश मोदी के अध्यक्ष कार्यकाल में इकाई में महामंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इनके अलावा मंत्री पद पर विरल गिलीटवाला, भीखू पटेल, प्रदीपसिंह राजपूत, देविका जादवाणी, राजेंद्र पाटिल, सुमित्रा पटेल, रक्षा सोलंकी व नलिनी बारोट शामिल है। भाजपा महानगर इकाई की नई टीम में कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रवीण माळी को दी गई है।