सूरत

तापी के सात स्थलों पर चढ़ाएंगे चुनर

श्रीअखिल भारतीय जीणमाता सेवा संघ अनूठे तरीके से मनाएगा तापी जयंती

सूरतJul 16, 2018 / 09:47 pm

Pradeep Mishra

तापी के सात स्थलों पर चढ़ाएंगे चुनर

सूरत.
सूरत की जीवनदायिनी तापी मैया का जन्मोत्सव आषाढ़ शुक्ल सप्तमी के मौके पर गुरुवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीअखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ की ओर से अनूठे तरीके से तापी नदी के किनारे सात प्रमुख स्थलों पर एक साथ १०८ मीटर लम्बी चुनर अर्पित कर तापी जयंती मनाई जाएगी।
प्रत्येक वर्ष आषाढ़ शुक्ल सप्तमी पर शहर में तापी जयंती धूमधाम से मनाई जाती है। गुरुवार को शहर में तापी के विभिन्न तटों पर तापी जयंती मनाई जाएगी। श्रीअखिल भारतीय जीणमाता सेवा संघ ने इस बार तापी मैया का जन्मदिन अनूठे ढंग से मनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। संघ के कार्यकर्ता तापी माता के उद्गम स्थल मुल्ताई से सूरत तक के विभिन्न सात एतिहासिक स्थलों पर 108 मीटर लम्बी चुनरी चढ़ाएंगे। संघ ने कार्यक्रम को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया है। संघ संरक्षक शरद खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित प्रतिनिधिमंडल में पवन अग्रवाल, प्रकाश अवाना, राम मुंदड़ा, वेदप्रकाश शर्मा, गोविंद जिंदल आदि शामिल हैं। यह सभी लोग तापी के विभिन्न तीर्थस्थलों पर व्यक्तियों से सम्पर्क कर आषाढ़ शुक्ल सप्तमी गुरुवार को तापी मैया को 108 मीटर लम्बी चुनरी समर्पित करेंगे।
जन्मोत्सव के यह हैं सात स्थल
तापी नदी के उद्गम स्थल मध्यप्रदेश के मुल्ताई के अलावा बुरहानपुर, भुसावल, शिवधाम बारहलिंग, नीमगव्हान (जलगांव के पास), प्रकाशा व सूरत में संघ तापी जयंती मनाएगा। इस दौरान सभी स्थलों पर साधु-संत व अन्य श्रद्धालु मौजूद रहकर मां तापी के मंदिर व तट को सजाकर ढोल-ताशे के साथ जन्मदिन मनाएंगे। इस मौके पर सोलह शृंगार की सुहाग पिटारी भी श्रद्धालुओं को दी जाएगी।
तापी शुद्धिकरण अभियान से जोड़ेंगे
श्रीअखिल भारतीय जीणमाता सेवा संघ की ओर से आयोजित तापी जयंती महोत्सव के दौरान संघ कार्यकर्ता सभी सात स्थलों पर सैकड़ों-हजारों लोगों को तापी शुद्धिकरण अभियान से भी जोड़ेंगे। इसमें वे एक वर्ष में एक घंटा तापी शुद्धिकरण में सहयोगी बनने व प्लास्टिक नदी में नहीं फेंकने के अलावा गणपति महोत्सव में मिट्टी की छोटी प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए पर्चे वितरित करेंगे।
प्रतियोगिताएं होंगी
वहीं, महानगरपालिका तापी नदी के जन्मदिन के उपलक्ष में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करेगी। इसमें 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से सिटीलाइट के साइंस सेंटर आर्ट गैलरी में निबंध प्रतियोगिता व माउंटबोर्ड पेंटिंग स्पर्धा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 19 जुलाई को शाम साढ़े छह बजे नानपुरा के नावड़ी घाट पर तापी माता की आराधना की जाएगी। इस दौरान महापौर, सांसद, विधायक समेत कई लोग मौजूद रहेंगे।

Home / Surat / तापी के सात स्थलों पर चढ़ाएंगे चुनर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.