script

कलक्टर और विधायक ने किया टूटे कोजवे का निरीक्षण

locationसूरतPublished: Jul 20, 2018 09:02:42 pm

लगातार पन्द्रह दिन हुई बारिश, आवगमन बाधित

patrika

कलक्टर और विधायक ने किया टूटे कोजवे का निरीक्षण


वलसाड. कपराड़ा के जिरवल गांव के टूटे कोजवे का शुक्रवार को कलक्टर सीआर खरसाण और कपराड़ा विधायक जीतू चौधरी ने निरीक्षण किया और समस्या का समाधान करने का आदेश दिया।
लगातार 15 दिन तक हुई बरसात के कारण धरमपुर और कपराड़ा में हालात बहुत विकट हो गए हैं। कपराड़ा तहसील के जिरवल गांव के कोजवे का काफी हिस्सा पानी में बह गया है। इससे आसपास के कई गांव के लोगों का आवागमन बाधित हो गया। स्थानीय प्रशासन ने जब सुध नहीं ली तो गांव के लोगों ने अपने स्तर पर ही कोजवे की मरम्मत कर आवागमन शुरू कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर कलक्टर सीआर खरसाण ने शुक्रवार को जिरवल गांव पहुंचकर कोजवे का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों को तत्काल समस्या के निवारण का आदेश दिया। बाद में कपराड़ा विधायक जीतू चौधरी ने भी जिरवल पहुंचकर कोजवे की हालत देखी तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी मरम्मत शीघ्र करने के निर्देश दिए। उन्होंने आसपास के गांवों में बने तीन अन्य कोजवे का भी जायजा लिया तथा टूटने से पहले उनकी मरम्मत करने को कहा। वहीं,कलक्टर ने कपराड़ा और धरमपुर में बारिश से प्रभावित कई गंावों का दौरा किया और लोगों की परेशानी को दूर करने का आदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया।
सर्पदंश से युवक की मौत
नवसारी. पूर्णेश्वर महादेव मंदिर के पास रहने वाले युवक की सर्प के काटने से मौत हो गई। मंदिर के सामने स्थित अपने घर में गुुरुवार रात सो रहे उमेश मनु राठोड (33) को सर्प ने काट लिया। सर्प के काटने पर तुरंत वह उठ गया और परिजनों को बताया। उन्होंने 108 में उसे नवसारी सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई। डॉक्टर की सूचना पर जलालपोर पुलिस वहां पहुंची और जरूरी कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटना मामला दर्ज कर किया है।
लापता युवक का शव बरामद
नवसारी. गत 16 जुलाई से लापता बिलीमोरा के देसरा के युवक का शव शुक्रवार को गणदेवी के भाट गांव में दरिया किनारे से बरामद हुआ है। गांव का बच्चन लल्लू पटेल (32) 16 जुलाई की शाम घर से नदी में बाढ़ का पानी देखने गया था। उसके बाद नहीं लौटा तो दूसरे दिन उसकी पत्नी ने बिलीमोरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शुक्रवार सुबह भाट गांव में समुद्र किनारे से युवक का शव मिलने पर पुलिस ने बच्चन के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद वहां पहुंचे उसके चाचा धीरू पटेल ने शिनाख्त की। आशंका जताई गई है कि पानी देखने के दौरान नदी में गिरने से वह डूब गया। बिलीमोरा पुलिस नें दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज किया है।

ट्रेंडिंग वीडियो