सूरत

शारजाह फ्लाइट रद्द होने पर यात्रियों ने मचाया हंगामा

– घंटों किया इंतजार, शाहजाह से ही नहीं आई फ्लाइट- यात्रियों को तकनीकी कारण बताकर मामला रफा-दफा करने का किया प्रयास

सूरतFeb 14, 2020 / 08:53 pm

Divyesh Kumar Sondarva

शारजाह फ्लाइट रद्द होने पर यात्रियों ने मचाया हंगामा

सूरत.
शारजाह की फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों ने बुधवार देर रात सूरत एयरपोर्ट पर हंगामा मचा दिया। यात्रियों ने घंटों इंतजार किया फिर भी फ्लाइट नहीं आई। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तकनीकी खामी बताकर मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया है। इससे पहले भुवनेश्वर और उदयपुर की फ्लाइट रद्द होने पर यात्रियों ने एयरपोर्ट पर विरोध किया था।
सूरत एयरपोर्ट से मात्र एक ही अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट है। यह फ्लाइट एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से चलाई जा रही है। शारजाह से सूरत और सूरत से शारजाह की यह फ्लाइट सप्ताह में चार बार उड़ान भरती है। बुधवार रात 12.30 बजे सूरत एयरपोर्ट पर कई यात्री शारजाह जाने के लिए इंतजार कर रहे थे।
लेकिन 12.30 बजे तक फ्लाइट ने उड़ान नहीं भरी। यात्रियों ने बताया कि कंपनी की ओर से मैसेज आया कि फ्लाइट रद्द की गई है। कारण जानने का प्रयास किया तो तकनीकी कारण के चलते फ्लाइट शारजाह से ही नहीं आई होने की बात बताई गई। इसे लेकर यात्री परेशान हो उठे। यात्रियों का गुस्सा शांत करने के लिए उन्हें रिफंड ऑफर किया गया तो कई को अगली फ्लाइट का टिकट देने की बात कही गई। इससे पहले भी सूरत एयरपोर्ट पर अंतिम समय फ्लाइट रद्द होने के मामले बने है। हाल ही में शुरू हुई भुवनेश्वर-सूरत फ्लाइट लगातार दो दिन रद्द होने पर यात्रियों ने मिलकर एयर इंडिया कंपनी के खिलाफ डुमस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
इससे पहले उदयपुर की फ्लाइट के लिए सुबह से लेकर रात तक यात्रियों ने सूरत एयरपोर्ट पर इंतजार किया। यात्रियों ने स्पाइस जेट में उदयपुर जाने के लिए टिकट बुक करवाई थी। लेकिन फ्लाइट रात होने पर भी उड़ान नहीं भर पाई। यात्री स्पाइस जेट की बस में इंतजार करते रहे। लेकिन कंपनी की ओर से दूसरी कोई व्यवस्था नहीं की गई और यात्री भी हठ पकड़ कर बस में बैठे रहे। स्पाइसजेट ने भी तकनीकी खामी आने के कारण फ्लाइट रद्द करने का बहाना बनाया। लेकिन यात्री नहीं मानें और देर रात तक सूरत एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की बस में ही बैठे रहे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.