सूरत

निजी स्तर पर प्रवासियों के कांग्रेस खूब सम्पर्क में

राजस्थान कांग्रेस इकाई ने माना भाजपा प्रचार के मामले में तेज

सूरतMay 27, 2020 / 08:31 pm

Dinesh Bhardwaj

निजी स्तर पर प्रवासियों के कांग्रेस खूब सम्पर्क में

सूरत. लॉकडाउन के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व कांग्रेस सरकार के मंत्री तथा प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, विधायक सभी सूरत समेत गुजरात व देश के अन्य महानगरों में बसे प्रवासी राजस्थानियों के सम्पर्क में रहे, यह अवश्य है कि इस मामले में भी प्रचार में भाजपा आगे रही। यह बात राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के महासचिव पुखराज पाराशर ने कही।
गुजरात की औद्योगिक राजधानी सूरत महानगर में बसे प्रवासी राजस्थानियों से लॉकडाउन-4.0 के दौरान लगातार सम्पर्क साध रही भाजपा की गतिविधि के प्रतिउत्तर में बुधवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति से भी उनके प्रवासी राजस्थानियों के बीच जारी सम्पर्क के बारे में राजस्थान पत्रिका ने जाना। इस संबंध में प्रदेश कार्यसमिति के महासचिव पुखराज पाराशर ने बताया कि प्रवासी राजस्थानियों के लिए राजस्थान सरकार ने हरसंभव बेहतर सुविधा के प्रयास लॉकडाउन में किए हैं। राजस्थान में प्रवेश से पहले तक उन्हें किसी तरह की परेशानी रह सकती है, लेकिन यहां आने पर किसी प्रकार की दिक्कत सरकार ने नहीं होने दी है। प्रदेश के सभी जिलों में सचिव स्तर के नोडल अधिकारी प्रवासियों की सुविधाओं का देखरेख कर रहे थे और स्वयं अशोक गहलोत मुख्यमंत्री आवास से मोनिटरिंग कर रहे थे। यह अवश्य है कि भाजपा की तरह कांग्रेस ने प्रवासियों के साथ दिखाए अपनापन का प्रचार नहीं किया, इसे कमी मान सकते हैं। वैसे राजस्थान फाउंडेशन इस दिशा में बेहतर ढंग से कार्य किया है और फाउंडेशन ने सूरत समेत देश के अन्य महानगरों में प्रवासियों से भली-भांति सम्पर्क बनाए रखा है। प्रदेश महासचिव पुखराज पाराशर ने यह भी बताया कि सरकार व संगठन के साथ-साथ राजस्थान फाउंडेशन प्रवासियों के बीच सम्पर्करत रहने के लिए निश्चित तौर पर योजना बनाएगा और उनके दुख-दर्द में सहयोगी बनेगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.