बारडोली तहसील में भाजपा को पार्टी के अंदर बगावत के सुर झेलने पड़े। पार्टी ने अकोटी से सदस्य रमीला राठौड़ को मेंडेट दिया था। भाजपा की रक्षा राठौड़ ने बगावती तेवर अपनाते हुए प्रमुख पद के लिए नामांकन किया था। इस सीट पर कांग्रेस की ओर से जया चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया था। उपप्रमुख पद के लिए भाजपा से देवु चौधरी और कांंग्रेस से प्रकाश राठौड ने नामांकन भरे थे। मतदान के दौरान रक्षा और कांग्रेस से भाजपा में गए सेजवाड सदस्य किशन चौधरी अनुपस्थित रहे। भाजपा प्रत्याशियों को १४ और कांग्रेस को छह मत मिले।
पलसाना तहसील पंचायत के लिए चुनाव में तीन सदस्य गौरहाजिर रहे। दोनों पदों पर भाजपा काबिज हुई। यहां मितेश नायक प्रमुख और रमेश राठौड उपप्रमुख बने। मांडवी तहसील बचाने में कांग्रेस कामयाब रही और शंकर चौधरी को प्रमुख बनाया गया। टीना चौधरी को उपप्रमुख चुना गया। यहां कांग्रेस के १५ सदस्य हैं लेकिन भाजपा के एक क्रॉस वोट के कारण पार्टी प्रत्याशियों को १६ मत मिले।
कांग्रेस ने छीनी महुवा तहसील
महुवा तहसील पंचायत में स्पष्ट बहुमत के बावजूद प्रमुख और उपप्रमुख पद भाजपा को नहीं मिला। पार्टी की गुटबाजी का फायदा कांग्रेस को मिला और यह तहसील ढाई साल बाद उसके खाते में दर्ज हो गई। पूर्व में कांग्रेस सदस्य की मतदान से गैरहाजिरी के कारण भाजपा ने अपने नाम की थी। इस बार पासा पलट गया और गुटबाजी के कारण सीट गंवा दी। भाजपा से प्रमुख पद के लिए अनीता भट्ट और उपप्रमुख के लिए राकेश पटेल ने नामांकन किया था। यहां २० में से ११ भाजपा और नौ कांग्रेस के सदस्य हैं। बुधवार को हुई सामान्य सभा में भाजपा के बालू पटेल नाराजगी जताते हुए गैरहाजिर रहे जबकि भाजपा की एक अन्य सदस्य छाया पटेल ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। कांग्रेस को दस और भाजपा को नौ मत मिले।
अमिता अध्यक्ष एवं मोहन उपाध्यक्ष बने
नवसारी जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में बुधवार को अमिता पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद पर मोहन हलपति निर्वाचित हुए। नवसारी जिला कलक्टर डॉ. एमडी मोडिया की अध्यक्षता में बुधवार को नवसारी जिला पंचायत के आगामी ढाई वर्ष के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के चुनाव हुए। चुनाव में भाजपा के देवसर सीट से सदस्य रेखा विपिन पटेल और सादकपोर सीट से कौशिकचंद्र धीरू पटेल अनुपस्थित रहे। भाजपा के 15 सदस्य उपस्थित रहे। वहीं खेरगाम सीट से कांग्रेसी सदस्य धर्मेश शंकर पटेल को गत सामान्य सभा में उनके पद से हटाने की दरख्वास्त की गई थी, जिससे कांग्रेस के 14 में से 13 सदस्य ही थे। जबकि चिखली तहसील पंचायत अध्यक्ष के विवाद के बाद कांग्रेसी सदस्य भारती पटेल ने कांग्रेस से इस्तीफा देने से तथा विपक्षी सदस्य के तौर पर उपस्थित रही।
जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से चिखली की घेज सीट से सदस्य अमिता अश्विन पटेल ने और उनके सामने चिखली की खूंध सीट से कांग्रेसी सदस्य मंजुला गुलाब पटेल ने दावेदारी की थी। इसमें अमिता पटेल को 15 मत तथा मंजुला को कांग्रेस के 12 तथा विपक्ष सदस्य का एक मत मिला। इस पर अमिता पटेल को बहुमत के आधार पर जिला पंचायत के अध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर नवसारी की सातेम सीट से भाजपा सदस्य मोहन गुलाब हलपति के सामने खेरगाम की आछवणी सीट से कांग्रेस सदस्य गुणवंती अमित पटेल ने नामांकन भरा था। इसमें 15 मतों के बहुमत के आधार पर मोहन हलपति को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
मौके पर उपस्थित गणदेवी विधायक नरेश पटेल, नवसारी विधायक पीयूष देसाई सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष अमिता पटेल व उपाध्यक्ष मोहन हलपति को पुष्पगुच्छ देकर शुभेच्छा दी। वहीं भाजपियों ने एक दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशी बांटी।