सूरत

डांग की बेटी ने जीता जकार्ता एशियाड में स्वर्ण पदक

चार गुणा चार सौ मीटर रिले दौड़ में सरिता की उपलब्धि

सूरतAug 30, 2018 / 11:25 pm

Sunil Mishra

डांग की बेटी ने जीता जकार्ता एशियाड में स्वर्ण पदक


वांसदा. इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियाड खेलों में डांग जिले की बेटी और अंतरराष्ट्रीय धावक सरिता गायकवाड़ ने गुरुवार को भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। एशियाड के 12वें दिन सरिता ने चार गुणा चार सौ मीटर रिले रेस में सबको पछाड़ते हुए भारत की झोली में 13वां स्वर्ण पदक डाल दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम छह बजे रिले रेस में सरिता गायकवाड़ ने अपनी टीम की धावक हिमादास, युवम्मा राजू और विस्मया के साथ भाग लेते हुए देश के लिए यह स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। डांग जिले में जीत का समाचार मिलते ही लोग खुशी से झूम उठे। इससे पहले भी कई पदक जीत चुकी सरिता से लोगों को स्वर्ण पदक लाने की उम्मीद थी। उसने क्षेत्र के लोगों को गौरवान्वित किया है।

दो लाख रुपए के इनाम की घोषणा
सूरत के वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (वीएनएसजीयू) की छात्रा रही सरिता गायकवाड़ को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.शिवेन्द्र गुप्ता ने विश्वविद्यालय का ब्रांड एम्बेसेडर बनाने और दो लाख रुपए के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। सरिता ने वीएनएसजीयू से पिछले साल ही एमए की पढ़ाई पूरी की थी।
राजस्थानी महिलाओं ने मनाई तीज
वांसदा. तहसील में राजस्थानी महिलाओंं ने काजली तीज हर्षोल्लास के साथ मनाई। वांसदा के शिवपार्क सोसायटी में मदन वैष्णव के आवास पर आयोजित तीज महोत्सव में वांसदा, वघई, उनाई क्षेत्र की राजस्थानी महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंची और काजली माता की पूजा अर्चना की। महिलाओं ने इस दौरान पति की लंबी उम्र और सुखी दाम्पत्य जीवन की कामना कर सत्तू का प्रसाद चढ़ाया। रात में चंद्र का दर्शन कर महिलाओं ने व्रत पूरा किया।
चेकडेम में डूबने से व्यक्ति की मौत
वांसदा. डांग जिले के जामनपाड़ा गांव के चेकडेम में डूबने से 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान जामनपाड़ा के मुकेश कानजी पवार के तौर पर की गई है। वह खेत में काम करने गया था और वहां से लौटते समय चेकडेम में नहाने लगा। इस दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और बहकर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। गुरुवार सुबह उसका शव चेकडेम में दिखाई पडऩे पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहुंचकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी पत्नी दीपिका बेन ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

Home / Surat / डांग की बेटी ने जीता जकार्ता एशियाड में स्वर्ण पदक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.