दीवार गिरने से 4 श्रमिकों समेत पांच मलबे में दबे
ट्रस्ट के जर्जर मकान को ध्वस्त करते वक्त दीवार गिरने से एक बच्चा और चार श्रमिक मलबे में दब गए।
सूरत।ट्रस्ट के जर्जर मकान को ध्वस्त करते वक्त दीवार गिरने से एक बच्चा और चार श्रमिक मलबे में दब गए। पांचों को स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हादसा झांपा बाजार स्थित सलियावाला मार्केट में मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ।दमकल विभाग के मुताबिक दाउदी व्होरा समाज के ट्रस्ट का मकान जर्जर होने के कारण गिराया जा रहा है। मंगलवार को श्रमिक मकान का हिस्सा ढहाने का काम कर रहे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई और श्रमिक मलबे के नीचे दब गए।
सूचना मिलने पर दमकलकर्मी और मनपा के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस से स्मीमेर अस्पताल भिजवाया। घायलों में दामजी कटारा (40), सुमित्रा शंभु कटारा (30), शंभु सना कटारा (40), ललीबेन कांति अमलीयार (30) और आठ साल का बच्चा अर्पित शंभु कटारा शामिल है। पांचों को सामान्य चोट पहुंची है।