leopard video गांव में घूम रहे हैं चार तेंदुए
तेंदुए ने किया बछड़े का शिकार, लोगों में दहशत, तेंदुए को पकडऩे के लिए वन विभाग ने पिंजरा रखा

बारडोली. बारडोली तहसील के ताजपोर गांव में गुरुवार रात को तेंदुए ने एक बछड़े का शिकार कर लिया। गांव में एक साथ चार तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। इससे लोगों में खासी दहशत है। खेतों में भी बार-बार तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीण अब खेत जाने से भी कतरा रहे हैं।
ताजपोर गांव में बीती मंगलवार रात को खेत में काम कर रहे जेसीबी के चालक को एक के बाद एक चार तेंदुआ दिखाई दिए। उसने इन तेंदुओं का वीडियो भी बनाया था। एक ही जगह पर चार तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी उसने बारडोली की फ्रेंड्स ऑफ एनिमल वेलफेयर टीम के प्रमुख जतिन राठौड़ को दी। जतिन ने गुरुवार कैमरे के साथ खेतों ंमे सर्वे शुरू किया तो एक तेंदुआ खेत के किनारे बैठा हुआ दिखाई दिया था। बाद में उसके पीछे दो और तेंदुए देखने को मिले थे। राठौड़ ने खेत के किनारे बैठे तेंदुए का वीडियो और तस्वीर भी ले ली थी।
सर्वे में भी तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। इसी बीच गुरुवार रात को गांव में आहीर फलिया निवासी प्रभु गोविंद अहीर के घर के बाहर बंधे सात माह के बछड़े को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया। बछड़ा डोरी से बंधा होने के कारण तेंदुआ उसे साथ नहीं ले जा सका। सुबह जब प्रभु उठा तो बछड़ा मृत मिला। बछड़े के गले में दांत के निशान भी थे।
गांव के सरपंच राहुल कोंकणी ने राठौड़ को इसकी जानकारी दी। राठौड़ ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी तो वन विभाग की टीम भी उसके साथ मौके पर पहुंच गई। जांच में तेंदुए के ही बछड़े का शिकार करने की पुष्टि के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरा रखा है। लोगों को इस बात की चिंता सता रही है कि आखिर एक पिंजरे में चार तेंदुए कैसे कैद होंगे।
अब पाइए अपने शहर ( Surat News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज