scriptपरीक्षा परिणाम देखते ही खुशी से झूम उठे | Gladly jumped on seeing results | Patrika News

परीक्षा परिणाम देखते ही खुशी से झूम उठे

locationसूरतPublished: May 10, 2018 10:09:47 pm

गुजरात बोर्ड 12वीं विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम घोषित
नवसारी जिला: परिणाम 69.16 प्रतिशत99.96 पर्सन्टाइल रैंक के साथ मनन शाह जिले में प्रथम

patrika

नवसारी. गुजरात माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक बोर्ड द्वारा मार्च 2018 में ली गई 12वीं बोर्ड विज्ञान की परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया। जिले का परिणाम 69.16 प्रतिशत रहा। जिले में ए-1 ग्रेड में छह और ए -2 ग्रेड में 119 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। जिले के पांच परीक्षा केन्द्रों में सबसे ज्यादा परिणाम नवसारी केन्द्र का 79.48 प्रतिशत रहा। जिले में 4887 छात्र परीक्षा में शामिल थे, जिसमें से 3380 छात्र उत्तीर्ण रहे। पांच केन्द्रों में नवसारी केन्द्र का सबसे ज्यादा और वंकाल केन्द्र का परिणाम 51.46 प्रतिशत के साथ सबसे कम रहा।
नवसारी जिले में पिछले कुछ वर्षंो में एबी स्कूल के छात्र बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहते आए हैं। इस वर्ष भी 12वीं विज्ञान संकाय के परिणाम में जिले में ए -1 ग्रेड से उत्तीर्ण होने वाले छह में से तीन छात्र एबी स्कूल से हैं। जबकि अन्य तीन छात्र बिलीमोरा केन्द्र से हैं। 71 छात्र ए-2 ग्रेड के साथ उत्र्तीण हुए हैं। 99.96 पर्सन्टाइल रैंक के साथ मनन शाह जिले में प्रथम आया है। मनन ने जेईई 2018 में भी 240 अंक और जनरल कैटेगरी में एआईआर में 2034 क्रम प्राप्त कर जिले में प्रथम रहा।

दमण का परिणाम 69.32 प्रतिशत
दमण. केन्द्र शासित प्रदेश दमण में विज्ञान वर्ग का नतीजा पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सुधरा है। गुजरात बोर्ड ने गुरुवार को 12वीं विज्ञान वर्ग का नतीजा घोषित किया है, जिसमें दमण का परिणाम 69.32 प्रतिशत रहा है। जबकि पिछले वर्ष 59.74 प्रतिशत रहा था। इस वर्ष दमण से 414 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था, जिसमें 287 उत्तीर्ण हुए हंै, जबकि 127 विद्यार्थी फेल हो गए हैं। दमण शिक्षा निदेशक हर्षित जैन ने बताया कि बोर्ड के नतीजे को सुधारने के लिए प्रशासक के मार्गदर्शन में शिक्षा सचिव पूजा जैन ने अनेक योजना शुरू की थी। जनवरी से विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विशेष कोचिंग शुरू की थी। समय-समय पर विद्यार्थियों का टेस्ट भी लिया गया। कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया गया।
सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों कोपछाड़ा
दमण की सरकारी स्कूल भीमपोर और झरी आश्रमशाला से कुल 16 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 13 पास हुए है और 81.25 प्रतिशत परिणाम रहा है। पिछले वर्ष सरकारी स्कूल का परिणाम मात्र 16 प्रतिशत था। सरकारी एडेड स्कूल लेडी फातिमा, सार्वजनिक स्कूल से कुल 328 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे। इसमें से 250 पास हुए हैं। जबकि 78 फेल हो गए। इनका परिणाम 76.22 प्रतिशत रहा है। दमण में तीन निजी स्कूल हैं, जिनका परिणाम मात्र 35.71 प्रतिशत रहा है। श्रीनाथजी स्कूल, होली ट्रेनिटी और दिव्या ज्योति विद्यालय से कुल 70 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 25 पास और 45 फेल हुए हैं।
दानह का परिणाम 74.74 प्रतिशत रहा
सिलवासा. गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा मार्च में आयोजित हायर सैकेण्डरी विज्ञान प्रवाह परीक्षा में दानह का परिणाम 74.74 प्रतिशत रहा। गत वर्ष यह 39 प्रतिशत था। विज्ञान प्रवाह में प्रदेश के कुल 487 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 364 विद्यार्थी सफल रहे। पिछले तीन वर्ष बाद विज्ञान परीक्षा का परिणाम उत्तम रहा है। प्रदेश में विज्ञान की स्कूल नरोली और सिलवासा में हैं। गत वर्ष प्रशासक पटेल ने पदभार ग्रहण करते ही सबसे अधिक ध्यान शिक्षा पर दिया था। उनके प्रयासों से विज्ञान परीक्षा का केन्द्र वापी से बदलकर सिलवासा में हुआ। स्कूलों में नियमित टेस्ट व जांच से इस बार का परिणाम अच्छा रहा है।
वलसाड जिले का परिणाम 59.03 प्रतिशत रहा
3337 विद्यार्थियों को मिली सफलता
छात्रा जीनल जितेन्द्र पांचाल जिले में 99.99 पर्सन्टाइल रैंक के साथ रही प्रथम
वापी. गुजरात बोर्ड द्वारा मार्च 2018 में आयोजित 12वीं विज्ञान का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। परिणाम 59.03 प्रतिशत रहा है। वलसाड जिले का परीक्षा परिणाम 59.3 प्रतिशत आया है। वहीं, वापी का परिणाम 55.78 प्रतिशत आया है। जिले में इस बार 5620 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 3337 छात्र उत्तीर्ण रहे। इसी तरह वापी में 1703 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें से 950 उत्तीर्ण रहे।
जिले में इस बार ए -1 ग्रेड में तीन छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इसमें वलसाड की आवाबाई हाईस्कूल की छात्रा जीनल जितेन्द्र पांचाल पूरे जिले में 99.99 पर्सन्टाइल रैंक के साथ प्रथम आई है। उसे 500 में से 480 नंबर प्राप्त हुए हैं। वापी की सेन्ट फ्रांसिस हाईस्कूल के छात्र मोनिस सिराज चुनारा ने 500 में से 452 अंक प्राप्त कर 99.9 पर्सन्टाइल रैंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं,तृतीय स्थान वलसाड के शेठ आर जेजे हाईस्कूल के छात्र शिवराज अजीत ठाकुर को मिला है। उसे 500 में से 451 अंक प्राप्त हुए हैं।
गुरुवार को घोषित परिणामों के अनुसार वलसाड केन्द्र का परिणाम 59.44 प्रतिशत, वापी केन्द्र का 55.78, सिलवासा 74.74, दमण 69.32, धरमपुर 58.14, पारडी 54.37 प्रतिशत परिणाम आया है। वलसाड केन्द्र से परीक्षा देने वाले 1642 छात्रों में से 976, पारडी में परीक्षा देने वाले 686 मे से 373, वापी केन्द्र में 1703 में से 9750, धरमपुर केन्द्र में 1094 छात्रों में से 636 छात्र उत्तीर्ण होने में सफल रहे।
जिले में तीन छात्र ए-1 ग्रेड, 48 छात्र ए -2 ग्रेड, 161 छात्र बी-1 ग्रेड, 336 छात्र बी-2 ग्रेड, 646 छात्र सी-1 ग्रेड, 1337 छात्र सी-2 ग्रेड, 790 छात्र डी ग्रेड, 16 छात्र इ-1 ग्रेड में उत्तीर्ण हुए हैं।

मां को था विश्वास
वापी में प्रथम और पूरे जिले में दूसरे स्थान पर रहा सेन्ट फ्रांसिस स्कूल का छात्र मोनिस चुनारा मुंबई में परीक्षा देने गया था। इसलिए स्कूल में मार्कशीट लेने उसकी माता मिनाजबेन पहुंची थी। स्कूल प्रिंसिपल टीवीएन कुट्टी ने बेटे की सफलता के लिए उन्हें शुभकामना दी। इस दौरान मिनाजबेन ने बताया कि बेटे के अच्छे अंक से पास होने का पूरा विश्वास था। ज्ञात हो कि मोनिस के पिता रिक्शा चालक हैं और बेटे की सफलता पर समाज के लोगों ने भी शुभकामना दी है।
वांसदा केन्द्र का परिणाम 59.97 प्रतिशत
वांसदा केन्द्र में 12वीं साइन्स का परीक्षा परिणाम 59.97 प्रतिशत रहा। इसके अंतर्गत श्री प्रताप हाईस्कूल का परिणाम 66.87 प्रतिशत रहा। स्कूल के छात्र मेहुल हसमुख हलपति ने 98.17 पर्सन्टाइल रैंक और 88.75 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया है। उसने गुजकेट की परीक्षा में भी 120 में से 88.75 अंक के साथ 98.08 पर्सन्टाइल रैंक हासिल किया है। इसके अलावा हनी दीपक राजपूत 89.96 पर्सन्टाइल रैंक और 78.77 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और बीनल मनु ठाकरिया 87.78 पर्सन्टाइल रैंक और 77.08 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान पर रही। स्कूल के ट्रस्टी धर्मेन्द्र सिंह सोलंकी, प्रद्युम्नसिंह सोलंकी तथा प्रिंसिपल महेन्द्र सिंह परमार ने इन छात्रों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सरकारी उच्चतर माध्यमिक स्कूल का परिणाम शतप्रतिशत रहा है। इसमें जतिन कोंकणी 84.06 प्रतिशत, ध्रुवी कुमारी कुंवर 77.27 और भाविनी रावत ने 74.27 पर्सन्टाइल रैंक के साथ क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया है। श्री एलआर कोन्ट्रेक्टर विद्यालय पिपखेड़ स्कूल का परिणाम 64.95 प्रतिशत आया है। इसमें प्रथम स्थान लाने वाली निधिबेन भोया 79.85 प्रतिशत, द्वितीय स्थान पर पूर्वा भगरिया 73.85 और शिवानी कुरमुटिया ने 71.85 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया है। 12वीं में ए-2 ग्रेड के साथ उत्तीर्ण होने वाला मेहुल हसमुख हलपति दसवीं में भी प्रथम स्थान पर आया था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो