scriptगुजरात बोर्ड परिणाम 2018 : हिन्दी माध्यम का परिणाम बढ़ा | Gujarat Board Result 2018 : Hindi medium results increase | Patrika News

गुजरात बोर्ड परिणाम 2018 : हिन्दी माध्यम का परिणाम बढ़ा

locationसूरतPublished: May 11, 2018 08:47:06 pm

अंग्रेजी माध्यम और गुजराती माध्यम का परिणाम गिरा

surat photo
सूरत.
गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान वर्ग का परिणाम पिछले साल के मुकाबले इस साल कम रहा है। सूरत जिले के परिणाम में 7.79 प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले पांच साल से सूरत के परिणाम का ग्राफ गिरता जा रहा है। परीक्षा के लिए राज्यभर से 1,34,439 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया और 1,34,352 ने परीक्षा दी। इनमें से 98,067 परीक्षा पास करने में सफल रहे। राज्यभर का परिणाम 72.99 प्रतिशत रहा है। सूरत जिले से 12,976 विद्यार्थी पास हुए हैं। हिन्दी माध्यम के विद्यार्थियों का परिणाम बढ़ा है। राज्यभर से हिन्दी माध्यम से 1941 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण करवाया था। इनमें से 1935 ने परीक्षा दी और 65.01 पास हुए। पिछले साल हिन्दी माध्यम का परिणाम 63 प्रतिशत रहा था और राज्यभर में मात्र एक विद्यार्थी ए1 ग्रेड हासिल कर पाया था। इस साल हिन्दी माध्यम के दो विद्यार्थियों को ए1 ग्रेड मिली है। ए2 ग्रेड पाने वालों में 18, बी1 में 56, बी2 में 122, सी1 में 278, सी2 में 493, डी में 281 विद्यार्थी शामिल हैं।
अंग्रेजी माध्यम का परिणाम गिरा, फिर भी आगे
इस साल भी अंग्रेजी माध्यम का परिणाम गिरा है। 2016 में अंग्रेजी माध्यम का परिणाम 86.47 प्रतिशत और 2017 में 84.87 प्रतिशत था। इस साल यह 75.58 प्रतिशत रहा है, लेकिन अन्य माध्यमों से अधिक है। अंग्रेजी माध्यम से 22 विद्यार्थियों को ए1 ग्रेड मिली है।
गुजराती माध्यम का परिणाम गिरा
पिछले साल गुजराती माध्यम का परिणाम 81.61 प्रतिशत था, जो इस बार घटकर 72.45 प्रतिशत रहा। गुजराती माध्यम के 122 विद्यार्थियों ने ए1 ग्रेड हासिल की है। पिछले साल मराठी माध्यम का परिणाम 36.99 प्रतिशत और उर्दू माध्यम का 63.4 प्रतिशत रहा था। इस साल इनका परिणाम क्रमश: ७०.८२ और ९१.८१ प्रतिशत रहा। दोनों माध्यम में कोई विद्यार्थी ए1 ग्रेड हासिल नहीं कर पाया।
डांग जिले का परिणाम बढ़ा
इस साल आदिवासी जिले डांग का परिणाम 77.01 प्रतिशत रहा है, जो पिछले साल के मुकाबले 9.59 प्रतिशत ज्यादा है। डांग जिले का परिणाम 2014 में 81.82, 2015 में 65.86, 2016 में 68.24 और 2017 में 67.42 प्रतिशत रहा था।
डांग-नर्मदा में चार साल से ए1 नहीं
इस साल भरुच से 05, वलसाड से 03 और नवसारी से 06 विद्यार्थियों को ए1 ग्रेड मिली है। पिछले साल भरुच जिले से २२, वलसाड से 3, नवसारी से २३ और तापी जिले से एक विद्यार्थी को ए1 ग्रेड मिली थी। डांग और नर्मदा जिले में लगातार चौथे साल कोई विद्यार्थी ए1 ग्रेड हासिल नहीं कर पाया। तापी जिले में भी किसी को ए1 ग्रेड नहीं मिली है।

ट्रेंडिंग वीडियो