INDIAN FISHERMEN: पाकिस्तान से रिहा 20 मछुआरों का दल गुजरात रवाना
- स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस से बुधवार सुबह पहुंचेंगे वड़ोदरा, यहां से बस के जरिए सभी जाएंगे वेरावल
सूरत
Published: June 21, 2022 08:21:37 pm
सूरत. चार वर्ष पहले अरब सागर में मत्स्याटन के दौरान पकड़े गए भारतीय मछुआरों के 20 सदस्यीय दल को पाकिस्तान ने रिहा कर दिया है। रिहा मछुआरों को लेकर गुजरात मत्स्य विभाग का दल मंगलवार रात अमृतसर रेलवे स्टेशन से स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस के माध्यम से वड़ोदरा के लिए रवाना हो गया है। वे सभी बुधवार सुबह तक वड़ोदरा पहुंच जाएंगे। वहां से बाद में बस के जरिए वेरावल जाएंगे।
पाकिस्तान सरकार से भारतीय विदेश विभाग को 20 भारतीय मछुआरों को रिहा किए जाने का संदेश रविवार को मिला और उसके आधार पर गुजरात मत्स्य विभाग को जानकारी दी गई। इसके तुरंत बाद गुजरात मत्स्य विभाग का 2 सदस्यीय दल नडिय़ाद के मत्स्य अधीक्षक महेश भालोतिया के नेतृत्व में पाकिस्तान से रिहा होकर लौट रहे मछुआरों को लेने अमृतसर के लिए रवाना हो गया था। उधर, सोमवार शाम पाकिस्तान के कराची स्थित जेल से रिहा सभी 20 भारतीय मछुआरे वाघा-अटारी बॉर्डर पहुंच गए थे। इन सभी भारतीय मछुआरों का वेरिफिकेशन होने के बाद सोमवार रात्रि को ही उन्हें लेकर गुजरात मत्स्य विभाग का दल अमृतसर पहुंच गया था। यहां से मंगलवार देर शाम स्वर्णमंदिर एक्सप्रेस से यह लोग वड़ोदरा के लिए रवाना हो गए। इस संबंध में मत्स्य विभाग के अधीक्षक महेश भालोतिया ने बताया कि वे सभी बुधवार सुबह तक वड़ोदरा पहुंच जाएंगे। वहां से बाद में बस के जरिए वेरावल जाएंगे। वेरावल मत्स्य विभाग कार्यालय में पाकिस्तान से रिहा होकर आए सभी 20 मछुआरों का एक बार फिर वेरीफिकेशन किया जाएगा और उसके बाद वह अपने-अपने परिजनों के साथ गिर सोमनाथ, देव द्वारका व जामनगर जिले में अपने-अपने मूल गांव के लिए रवाना हो जाएंगे।

INDIAN FISHERMEN: पाकिस्तान से रिहा 20 मछुआरों का दल गुजरात रवाना
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
