scriptनवसारी शहर भाजपा अध्यक्ष फिर विवाद में | Navasari city BJP president again in dispute | Patrika News

नवसारी शहर भाजपा अध्यक्ष फिर विवाद में

locationसूरतPublished: Jul 27, 2018 11:07:18 pm

दमकल विभाग के ड्राइवर को अहमदाबाद ले जाने का आरोपविभाग में ड्राइवर के तीन दिन की छुट्टी पर होने की सूचना

patrika

नवसारी शहर भाजपा अध्यक्ष फिर विवाद में

नवसारी. नवसारी शहर भाजपा अध्यक्ष एक बार फिर विवाद में घिरे हैं। शुक्रवार को पालिका के विपक्षी सदस्यों ने शहर भाजपा अध्यक्ष पर दमकल विभाग के ड्राइवर को निजी काम से अहमदाबाद ले जाने का आरोप लगाते हुए सांढकूवा स्थित दमकल विभाग के मुख्य कार्यालय पर हंगामा किया। पालिका अध्यक्ष व फायर समिति के अध्यक्ष को बुलाकर भी उनसे शिकायत की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से शहर में भाजपा अध्यक्ष पर सवाल उठे हंै।
नवसारी शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश हिराणी लंबे समय से विवादों में रहते आए हंै। हिराणी अक्सर पालिका परिसर में ही बैठे रहते हैं। उन पर पालिका के निर्णयों में दखल देने की शिकायत पूर्व में विपक्ष ने जिला कलक्टर से की थी। इसके बाद भी पालिका अध्यक्ष व समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति में भी हिराणी की दखलअंदाजी को लेकर पालिका प्रशासन में नाराजगी होने की बातें उठती रही हैं। इस बीच रमेश हिराणी फिर विवाद में घिर गए हैं। विपक्षी सदस्य पीयूष ढिम्मर ने उन पर आरोप लगाया है कि वे पालिका के दमकल विभाग के ड्राइवर तेजश आहिर को अपने निजी काम से अहमदाबाद ले गए और उसे वहीं छोड़ कर प्लेन से पंजाब चले गए। इसी बात को लेकर नवसारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश पटेल, प्रदेश कांग्रेस मंत्री नीरव नायक व कांग्रेसी सदस्यों ने सांढकूवा स्थित दमकल विभाग के कार्यालय पर जमकर हंगामा मचाया। हंगामे की बात पालिका अध्यक्ष तक पहुंच गई। इसके बाद पालिका अध्यक्ष कांति पटेल और फायर समिति के अध्यक्ष आशित रांदेरवाला को भी फायर स्टेशन पर बुलाया गया और उन्हें शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश हिराणी की कार्य रीति के बारे में बताया गया। हालांकि दमकल विभाग के रजिस्टर में तेजश आहिर के तीन दिनों की छुट्टी पर होने की सूचना पाई गई। इस पर फायर समिति अध्यक्ष आशित रांदेरवाला ने ड्राइवर तेजश आहिर के छुट्टी से वापस लौटने पर उससे जवाब तलब करने और उसके बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
अक्सर करते हैं पद का दुरुपयोग
नवसारी शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश हिराणी नवसारी फायर के ड्राइवर को अपने साथ अहमदाबाद ले गए, बाद में वहां से वे प्लेन से पंजाब चले गए और उसे वहीं पर रुकने को कहने का पता चला है। रमेश हिराणी अपने पद का पहले से दुरुपयोग करते आए हैं। अगर कोई कर्मचारी उनकी बात नहीं मानता, तो शासकों से कहकर उन पर कार्रवाई करवाते हैं।
पीयूष ढिम्मर, विपक्षी सदस्य, नवसारी न. पा.
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो