scriptOMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..! | OMG : Players and parents disturbed by chaos in L.P.SWANI SCHOOL | Patrika News

OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!

locationसूरतPublished: Oct 12, 2019 12:22:57 pm

– एल.पी.सवाणी स्कूल में घोर अव्यवस्था से दूर-दराज के क्षेत्रों से आए खिलाड़ी और अभिभावक परेशान- बेसमेन्ट और छत पर खिलाडिय़ों को भेड़-बकरियों की तरह भर कर किया जा रहा है वेस्ट जोन चेस टूर्नामेंट

OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!

OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!

सूरत.

वेसू के एल.पी.सवाणी स्कूल में सीबीएसइ वेस्ट जोन टूर्नामेंट में हिस्सा लेने आए खिलाड़ी स्कूल की अव्यवस्थाओं के कारण परेशान हो गए हैं। गर्मी में स्कूल के बेसमेंट और छत पर भेड़-बकरियों की तरह सैकड़ों खिलाडिय़ों को एक साथ बैठा कर चेस प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में दूर-दूर से आए खिलाडिय़ों के साथ अभिभावक भी परेशान हो रहे हैं। खिलाडिय़ों के रहने और खाने की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण अभिभावक चिंतित नजर आए। इसका असर खिलाडिय़ों के खेल पर भी पड़ रहा है।

एली.पी.सवाणी स्कूल को सीबीएसइ ने इस बार वेस्ट जोन चेस टूर्नामेंट 2019-20 के आयोजन का जिम्मा सौंपा है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश की सीबीएसइ स्कूलों के विद्यार्थी सूरत आए हैं। तीन दिन चलने वाले टूर्नामेंट के खिलाडिय़ों के रहने और खाने की व्यवस्था का जिम्मा भी स्कूल को सौंपा गया है। गुजरात के 33, राजस्थान के 39 और मध्य प्रदेश के 24 स्कूलों के 896 से अधिक खिलाड़ी यहां आए हैं। प्रतियोगिता में 11 साल से 19 साल तक के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह खिलाड़ी स्कूल की अव्यवस्था के कारण परेशान हो रहे हैं। गर्मी के कारण वह बेहाल नजर आए। स्कूल की ओर से न तो उनके रहने की और न ही आयोजन को लेकर उचित व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए खिलाडिय़ों ने बताया कि वह दूर-दूर के क्षेत्रों से आए हैं। स्कूल में उन्हें रहने की उचित सुविधा मुहैया नहीं करवाई। स्कूल की कक्षा में मात्र बिस्तर दे दिए गए। इन कक्षाओं में पंखे भी नहीं हैं।

SURAT EDUCATION : शपथपत्र दिया तो खोल दी स्कूलों की सील..?

कक्षाओं में खिलाडिय़ों को ठूंस-ठूस कर भरा गया है। खिलाडिय़ों ने बताया कि स्कूल में शौचालय की भी उचित व्यवस्था नहीं है। खिलाडिय़ों को नहाने में भी परेशानी हुई। छात्राओं को सबसे अधिक दुविधा का सामना करना पड़ा। स्कूल प्रशासन से शिकायत करने पर भी किसी तरह की सुविधा मुहैया नहीं करवाई गई। खिलाडिय़ों का कहना है कि खाने की सुविधा भी अच्छी नहीं है। सुबह मात्र समोसा दिया गया। छोटे बच्चों ने दूसरा मांगा तो नहीं मिला। पेटभर नाश्ता नहीं मिलने के कारण सब भूख से परेशान रहे।

स्कूल ने खेल के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं की। स्कूल के बेसमेंट में प्रतियोगिता रखी गई। वहां खिलाडिय़ों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया। बेसमेंट में पंखों की भी उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण खिलाड़ी गर्मी से परेशान रहे। गर्मी के कारण कई खिलाडिय़ों का ध्यान खेल में नहीं लग पाया। स्कूल की ओर से एक आयोजन स्कूल की छत पर भी किया गया। तेज धूप और गर्मी के कारण खिलाड़ी बेहाल थे। वहां पंखों की भी व्यवस्था नहीं थी। छत पर पतरे लगे थे। इससे गर्मी खिलाडिय़ों को और भी हैरान कर रही थी।

अभिभावकों ने की शिकायत
स्कूल की अव्यवस्था के कारण अभिभावक भी परेशान हुए। उन्होंने रहने, खाने और खेल को लेकर हो रही परेशानी की शिकायत स्कूल प्रशासन से की। बाहर से आए सभी अभिभावकों ने आक्रोश व्यक्त किया। इस मामले में उन्होंने सीबीएसइ से शिकायत करने की चेतावनी दी।स्कूल में अव्यवस्था के कारण कई अभिभावक बच्चों को लेकर होटल चले गए। इससे अभिभावकों और खिलाडिय़ों का खर्च बढ़ गया है।
नियम के अनुसार खेल में हिस्सा लेने आए खिलाडिय़ों को पहले से जानकारी देनी होती है। अचानक शुक्रवार सुबह खिलाडिय़ों की संख्या बढ़ गई, इसलिए थोड़ी अव्यवस्था हो गई। जैसे-जैसे शिकायत मिल रही है, उनका समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। अभिभावकों को हुई परेशानी के लिए स्कूल जिम्मेदार नहीं है, स्कूल मात्र खिलाडिय़ों और कोच के लिए जिम्मेदार है। स्कूल खामियां दूर करने का प्रयास कर रहा है।
मयूर दलसानियां, स्कूल प्रशासक, एल.पी.सवाणी स्कूल, वेसू
OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!
अव्यवस्था ही अव्यवस्था
बच्चे को लेकर कई शहरों में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने गए हैं, लेकिन ऐसी अव्यवस्था कहीं नजर नहीं आई। एल.पी.सवाणी स्कूल में अव्यवस्था ही अव्यवस्था है। रहने के साथ खाने को लेकर भी बड़ी दुविधा है।
पूनम भागचंदानी, अभिभावक, जोधपुर
OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!
वॉशरूम तक सही नहीं
स्कूल को पता होना चाहिए कि दूर-दूर से खिलाड़ी आने वाले हैं। पहले से सही व्यवस्था होनी चाहिए। यहां कोई व्यवस्था नहीं है। वॉशरूम जाने में भी परेशानी हो रही है। खासकर छात्राएं तो काफी हैरान हो रही हंै।
खुशबू भाटी, अभिभावक, जोधपुर
OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!
खाना अच्छा नहीं
छोटे बच्चों को अच्छा खाना देना चाहिए। स्कूल की ओर से अच्छा खाना नहीं दिया गया। रहने की भी व्यवस्था सही नहीं है। तीन दिन कैसे निकलेंगे, यह प्रश्न सभी अभिभावकों को सताने लगा है।
प्रीति बाजपेयी, अभिभावक, चितौडग़ढ़
OMG : खिलाडिय़ों को बना दिया भेड़-बकरी..!
गर्मी से बेहाल
खिलाडिय़ों के लिए स्कूल की ओर से सही सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। बेसमेंट और छत पर गर्मी में खेल का आयोजन किया गया। गर्मी से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर असर हो रहा है। उनके खेल पर भी असर पड़ रहा है।
सीमा मेहता, अभिभावक, चितौडग़ढ़
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो