सूरत

गांधी और पटेल के बाद पीएम मोदी तीसरे महापुरुष : शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गांधी और पटेल के बाद तीसरा महापुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को स्वा

सूरतOct 16, 2017 / 04:25 am

मुकेश शर्मा

PM Modi third great man after Gandhi and Patel: Shivraj

भरुच।मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गांधी और पटेल के बाद तीसरा महापुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को स्वाभिमान के साथ खड़ा किया है।भाजपा की गुजरात गौरव यात्रा के रविवार दोपहर भरुच पहुंचने के बाद पंडित ओमकार नाथ ठाकुर कलाभवन में सभा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल की कद्र नहीं की। वहीं मोदी ने उनके सम्मान में स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनवाई। सरदार पटेल को मरणोपरांत भारत रत्न दिलाया गया। मोदी ने गुजरात को शांति का टापू बनाने का काम किया।

चौहान ने कहा कि केन्द्र सरकार आतंकवादियों की कमर तोडऩे का काम कर रही है। सर्जिकल स्ट्राइक को पहली बार भाजपा की सरकार ने अंजाम दिया। कांग्रेस के शासन में दुश्मन भारत पर हावी थे, लेकिन अब भारत के दृढ़ निश्चय को देखकर चीन को डोकलाम से अपनी सेना को वापस बुलाने पर बाध्य होना पड़ा। मोदी ने साबित कर दिया कि वह कमजोर प्रधानमंत्री नहीं हैं। विश्वभर में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। दुनिया अब भारत की अनदेखी नहीं कर सकती। गौरव यात्रा में शिवराजसिंह चौहान के साथ केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, गृह राज्यमंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा, सांसद मनसुख वसावा, प्रदेश महामंत्री भारतसिंह परमार, भरुच विधायक दुष्यंत पटेल, अंकलेश्वर विधायक ईश्वर पटेल आदि शामिल थे।

गुजरात और मध्यप्रदेश सगे भाई

शिवराज सिंह ने कहा कि गुजरात के लिए नर्मदा नदी वरदान है। नर्मदा नदी माता है। गुजरात और मध्यप्रदेश सगे भाई हैं, क्योंकि दोनों राज्यों के लोगों को नर्मदा माता पालती-पोषती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। खासकर बेटियों के लिए कई योजनाओं के संचालन को लेकर बेटियां उन्हें मामा भी कहती हैं।

चुनाव आए तो किसान याद आए

राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि बाबा संस्कृति और संस्कार को नहीं जानते। वह संघ को अपमानित कर रहे हैं। चुनाव आ गए तो उन्हें किसान याद आ रहे हैं। सभाओं में अब वह कृषि की बात कर रहा है, जिसने कभी गांव, गली, कीचड़, धूल नहीं देखी। जो यह नहीं जानता कि आलू जमीन में पैदा होता है या फैक्ट्री में।

 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.