scriptयातायात जाम रोकने के लिए पुलिस ने लगाया बैरियर | Police barrier to stop traffic jam | Patrika News

यातायात जाम रोकने के लिए पुलिस ने लगाया बैरियर

locationसूरतPublished: Oct 11, 2018 09:45:48 pm

Submitted by:

Sunil Mishra

मोराई में हाईवे क्रॉसिंग पर अक्सर लगता है जाम

patrika

यातायात जाम रोकने के लिए पुलिस ने लगाया बैरियर


वापी. मोराई में हाईवे क्रासिंग पर पुलिस ने बैरियर लगा दिया है। क्रॉसिंग पर वाहनों का लंबा जाम और गंभीर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस ने यह कदम उठाया है। बलीठा फाटक बंद होने से दमण जाने वाले ज्यादातर भारी वाहन मोराई फाटक होकर जाते हैं, लेकिन यहां हाईवे क्रॉसिंग पर दूसरी तरफ जाने के लिए हमेशा छोटे बड़े वाहन बीच में खड़े हो जाते हैं। इसके परिणाम स्वरूप सुबह और शाम को एक से दो किमी तक लंबा जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा क्रासिंग के कारण हाईवे पार करने के प्रयास में कई लोग गंभीर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। रात के समय सडक़ पार करने पर दुर्घटना की आशंका ज्यादा रहती है। इसे देखते हुए पुलिस ने क्रॉसिंग पर बैरियर लगा दिया है।
मजदूर को सर्प ने डसा, धरमपुर में भर्ती
वापी. डुंगरी फलिया स्थित कबाड़ के गोदाम में काम करने के दौरान मजदूर को सर्प ने काट लिया। हालत बिगडऩे पर उसे धरमपुर के सांईनाथ हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है।
गुरुवार सुबह कबाड़ के गोदाम में काम करने के दौरान मजदूर रामसेवक का पैर कचरे में छिपे विषैले सर्प पर पड़ गया। इससे उसने उसे डंक मार दिया। इसका पता चलते ही लोग उसे नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां उसके उपचार पर करीब 70 हजार खर्च आने की जानकारी मिलने पर परिजन दुविधा में पड़ गए। इसकी जानकारी पुलिस समन्वय टीम के मुकेश उपाध्याय को होने पर अपने साथ वर्धमान शाह को लेकर पहुंचे और रामसेवक को एम्बुलेन्स से धरमपुर स्थित सांईनाथ अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। जहां सर्पदंश का उपचार होता है और सरकार से राहतदर पर इसके लिए इंजेक्शन मुहैया करवाया जाता है।

चालक नशे में चला रहा था टेम्पो
वापी. बलीठा में अनियंत्रित हुआ एक टेम्पो बुधवार रात डिवाइडर फांदकर दूसरी तरफ पहुंच गया। इस घटना में कोई जानहानि नहीं हुई। हालांकि एक कार और दुकान को नुकसान हुआ है। घटना के दौरान चालक नशे में बताया गया है।
जानकारी के अनुसार रात को मुंबई से सूरत की ओर जा रही जीजे 6 एजेड 3828 नंबर टेम्पो अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूदकर सूरत से मुंबई वाले मार्ग पर पहुंच गया और सर्विस रोड के पास खड़ी एक कार और पास की दुकान के बाहर लगे लोहे के एंगल से टकरा गया। घटना के दौरान दुकानदार का परिवार भी दुकान में मौजूद था। सडक़ किनारे इस दौरान कोई नहीं था, जिससे गंभीर घटना होने से बच गई। लेकिन यह घटना होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। जमा हुए लोगों ने चालक को पकड़ा तो पता चला कि वह नशे में है। गुस्साए कुछ लोगों ने इस दौरान उसकी पिटाई भी कर दी। घटना में सभी लोगों के बाल-बाल बचने से लोगों ने राहत की सांस ली है। टेम्पो चालक को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो