सूरत

एयर इंडिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज, जाने क्या है मामला

– विवाद में घिरी भुवनेश्वर-सूरत-बेंगलूरु फ्लाइट – लगातार दो दिनों से फ्लाइट को रद्द कर यात्रियों को परेशान करने का आरोप

सूरतFeb 07, 2020 / 08:56 pm

Divyesh Kumar Sondarva

एयर इंडिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज, जाने क्या है मामला

सूरत.
लंबे इंतजार के बाद शुरू हुई भुवनेश्वर-सूरत-बेंगलूरु फ्लाइट को एक महीना भी नहीं हुआ और विवाद शुरू हो गया। एयर इंडिया ने लगातार दो दिनों से फ्लाइट रद्द की है। यात्रियों ने एयर इंडिया पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए डुमस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
एयर इंडिया कंपनी ने 20 जनवरी से भुवनेश्वर-सूरत-बेंगलूरु फ्लाइट शुरू की थी। इसे संचालित हुए अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ है और इसके अनियमित संचालन से यात्री परेशान होने लगे हैं। 6 फरवरी को एयर इंडिया ने अचानक फ्लाइट रद्द कर दी। यात्रियों को इसकी सूचना भी तब दी गई जब वे एयरपोर्ट पहुंच गए। तय समय 11.10 बजे फ्लाइट नहीं आने पर यात्रियों को बताया गया कि तकनीकी कारणों के चलते फ्लाइट के समय में बदलाव किया गया है। समय में बार-बार बदलाव की सूचना के बाद एयर इंडिया ने रात ९.३० बजे यात्रियों को पहले अहमदाबाद जाने की सलाह दी और फिर उन्हें दिल्ली जाकर वहां से फ्लाइट पकडऩे के लिए कहा।
यात्री एयर इंडिया के इस रवैये से नाराज हो गए।
दूसरे दिन शुक्रवार को भी यही कहानी दोहराई गई। कई यात्रियों ने एयर इंडिया की सुबह 8 बजे बेंगलूरु से सूरत-भुवनेश्वर और वापस बेंगलूरु की फ्लाइट में टिकट बुक करवाया था। इसमें से कई यात्री भुवनेश्वर जाने वाले थे और कई बेंगलूरु जाना था। यात्रियों का कहना है कि एयर इंडिया प्रशासन भी यात्रियों की परेशानी को लेकर असंवेदनशील रहा। दो दिन से लगातार फ्लाइट रद्द कर उन्हें परेशान किया गया। परेशान यात्रियों ने एयर इंडिया के खिलाफ डुमस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
एयर इंडिया फ्लाइट का समय
सोमवार और गुरुवार को फ्लाइट बेंगलूरु से सुबह 6.10 बजे उड़ान भरकर 8.10 बजे भुवनेश्वर पहुंचती है। भुवनेश्वर से 8.40 बजे उड़कर यह सूरत 10.40 बजे पहुंचती है। सूरत से 11.10 बजे उड़ान भरकर 1.10 बजे बेंगलूरु पहुंचती है। शुक्रवार और रविवार को फ्लाइट के बेंगलूरु से सुबह 6.10 बजे उड़ान भरकर सूरत 8.00 बजे पहुंचने का समय तय है। वापसी में सूरत से 8.30 बजे उड़ान भरकर 10.30 बजे भुवनेश्वर और भुवनेश्वर से 11.10 बजे उड़ान भर 1.10 बजे बेंगलूरु पहुंचती है।
एयर इंडिया के खिलाफ शिकायत
7 फरवरी को एयर इंडिया की 8:00 बजे की फ्लाइट में बेंगलूरु जाने के लिए टिकट बुक की थी। लेकिन बार-बार फ्लाइट को रद्द किया जा रहा था। पता चला कि 6 फरवरी से ही फ्लाइट नहीं आई है। सब यात्रियों को परेशानी हुई है, इसलिए एयर इंडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
नितिन प्रधान, यात्री, व्यारा
दो दिनों से हो रहे है परेशान
6 फरवरी को एयर इंडिया की फ्लाइट में बेंगलूरु जाने के लिए टिकट करवाई थी। पूरा दिन परेशान किया गया। दूसरे दिन भी फ्लाइट नहीं आई। दो दिनों से सूरत एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के कारण परेशान होना पड़ा है। इसलिए एयर इंडिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है।
– विष्णु जडिय़ा, यात्री, सूरत

Home / Surat / एयर इंडिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज, जाने क्या है मामला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.